बांका मंडी में खाद्य तेल, दाल और सरसों के भाव चढ़े, आलू-प्याज समेत कई जिंसों में उतार-चढ़ाव, जानें आज का भाव
Mandi AI Image.
बांका मंडी में खाद्य तेल, दाल और सरसों की कीमतों में तेजी देखी गई. वहीं, आलू और प्याज जैसे रोजमर्रा के सामानों के भाव में उतार-चढ़ाव जारी रहा. परिवहन खर्च में बढ़ोतरी को महंगाई का एक प्रमुख कारण बताया जा रहा है.
बांका शहर की व्यावसायिक मंडी में मंगलवार की सुबह से किसानों, व्यापारियों और खरीददारों की भीड़ बनी रही. अनाज और खाद्य सामग्री की खरीद-बिक्री के बीच कई जिंसों के भाव में उतार-चढ़ाव देखने को मिला. किसानों और व्यापारियों की नजर दिनभर बाजार के भाव पर टिकी रही. स्थानीय मंडी में दलहन, तिलहन, सरसों और मसाला सहित कई खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी देखी गयी, जबकि गेहूं, मक्का, आलू और प्याज के भाव में आवक के अनुसार उतार-चढ़ाव जारी रहा.
खाद्य तेल, दलहन और सरसों की कीमतों में तेजी का असर बाजार पर दिखाई दे रहा है. वहीं प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च सहित रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली कई सब्जियों के दाम में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. आलू की कीमत में भी रोजाना की तरह उतार-चढ़ाव बना हुआ है. हरी सब्जियों के दाम में भी बढ़ोतरी से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.
परिवहन खर्च बढ़ने से महंगाई पर असर
स्थानीय कारोबारियों के अनुसार थोक बाजार में कीमत बढ़ने के साथ परिवहन लागत और मांग में बढ़ोतरी का असर खुदरा बाजार पर पड़ रहा है. लंबी दूरी से माल मंगाने में ईंधन और माल ढुलाई का खर्च बढ़ गया है. इसका सीधा असर थोक विक्रेताओं से लेकर खुदरा दुकानदारों और अंत में आम उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है.
बांका की मंडी में पूर्णिया के गुलाबबाग और कोलकाता की विभिन्न मंडियों से खाद्यान्न सहित अन्य जिंसों की आवक होती है. लंबी दूरी के कारण माल ढुलाई में अधिक खर्च आने से वस्तुओं की कीमत प्रभावित होती है. कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में दलहन और तिलहन के भाव में और तेजी की संभावना बनी हुई है. हालांकि किसानों और व्यापारियों की नजर अब मौसम और मंडी में होने वाली आवक पर टिकी है.
आज के प्रमुख खाद्यान्न के भाव
स्थानीय मंडी के अनुसार गेहूं 2600-2650 रुपये, मक्का 2100-2150 रुपये और मंसूरी चावल 3250-3400 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. अरवा मोटा चावल का भाव 3100-3250 रुपये, जबकि बासमती चावल 12500-13500 रुपये प्रति क्विंटल है.
मसूर दाल 6500-7000 रुपये, मूंग दाल 9650-9750 रुपये और अरहर दाल 12500-15500 रुपये प्रति क्विंटल है. गोटा चना 6300-6500 रुपये तथा गोटा मूंग 8500-9000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है.
पीली सरसों का भाव 7300-7550 रुपये प्रति क्विंटल है. सरसों तेल 15 लीटर का भाव 2070-2470 रुपये चल रहा है. आलू 1200-1450 रुपये और प्याज 4700-5000 रुपये प्रति क्विंटल है. वहीं चीनी का भाव 5500-5700 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. मंडी में कीमतों में रोजाना आवक और मांग के अनुसार बदलाव हो रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए