Watch Video: बांका: दिल्ली जाने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, गोड्डा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन तीन दिनों के लिए रद्द, देखें पूरी लिस्ट
गोड्डा-शकूरबस्ती स्पेशल ट्रेन 23-25 नवंबर को रद्द होने से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. जानें किन स्टेशनों के यात्री प्रभावित होंगे.
बौंसी (बांका). छठ पूजा के बाद काम पर वापस दिल्ली लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बीच रेलवे ने एक बड़ा झटका दिया है. अपरिहार्य कारणों से रेलवे ने गोड्डा और शकूरबस्ती (दिल्ली) के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को तीन दिनों के लिए रद्द कर दिया है. इस फैसले के तहत गाड़ी संख्या 03459/03460 की 23, 24 और 25 नवंबर को दोनों दिशाओं से शुरू होने वाली यात्राएं रद्द रहेंगी. अचानक हुए इस बदलाव से गोड्डा, बांका, बौंसी, भागलपुर और आसपास के इलाकों से दिल्ली जाने तथा वहां से लौटने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
19 नवंबर से शुरू हुआ था स्पेशल ट्रेन का परिचालन
गौरतलब है कि छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे ने गोड्डा से भागलपुर, नवादा और गया के रास्ते शकूरबस्ती तक पूरी तरह से अनारक्षित (जनरल कोच) स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया था.
- गाड़ी संख्या 03459 (गोड्डा-शकूरबस्ती स्पेशल): निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, इसे 19 से 25 नवंबर तक प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे गोड्डा से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 2:40 बजे शकूरबस्ती पहुंचना था.
- गाड़ी संख्या 03460 (शकूरबस्ती-गोड्डा स्पेशल): वापसी में इस ट्रेन को 20 से 26 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे शकूरबस्ती से खुलकर अगले दिन रात 10:30 बजे गोड्डा पहुंचना था.
इन प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को मिलेगा झटका
पूरी तरह जनरल कोच वाली इस ट्रेन का ठहराव पोड़ैया हॉल्ट, हंसडीहा, मंदारहिल, बाराहाट, धौनी, भागलपुर, सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किउल, नवादा, गया, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला और दिल्ली जंक्शन पर निर्धारित किया गया था. इस ट्रेन के चलने से गोड्डा, हंसडीहा, मंदारहिल, बौंसी, बाराहाट और भागलपुर क्षेत्र के आम यात्रियों को बिना रिजर्वेशन दिल्ली जाने का एक बड़ा विकल्प मिला था. ऐसे में लगातार तीन दिनों तक परिचालन रद्द होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
