Video : मां सायरा मुंडा को अर्जुन मुंडा ने दी मुखाग्नि, अंतिम यात्रा में जुटे कई दिग्गज नेता
अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की आयु में निधन हुआ. जमशेदपुर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. कई प्रमुख हस्तियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.
जमशेदपुर : झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का 93 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. जमशेदपुर में सोमवार को पूरे सम्मान और गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी मां को मुखाग्नि दी. इस दौरान उनके बड़े पुत्र डॉ. अभिषेक मुंडा सहित परिवार के सदस्य मौजूद रहे. दिवंगत मां को अंतिम विदाई देने के लिए झारखंड के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और औद्योगिक जगत की हस्तियां पहुंचीं.
नम आंखों से दी अंतिम विदाई

अंतिम संस्कार में झारखंड विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन और मधु कोड़ा, पूर्व सांसद गीता कोड़ा, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, खूंटी के सांसद कालीचरण मुंडा, राज्यसभा सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और आजसू प्रमुख सुदेश महतो ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की.
कई विधायक और पूर्व मंत्री भी हुए शामिल

अंतिम संस्कार में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय, खरसावां के विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ की विधायक सविता महतो, घाटशिला के विधायक सोमेश सोरेन और धनबाद के विधायक राज सिन्हा शामिल हुए. इनके अलावा पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, दुलाल भुइयां, बड़कुंवर गागराई और नीलकंठ सिंह मुंडा ने भी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि दी. पूर्व विधायकों में मंगल सोय सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. भाजपा के प्रदेश मंत्री शैलेंद्र सिंह, पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र राय और भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए.

राष्ट्रपति, अमित शाह और राजनाथ सिंह ने फोन पर जताया शोक
दिवंगत माताजी के निधन पर देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने अर्जुन मुंडा से दूरभाष पर बातचीत कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई और इस कठिन समय में धैर्य व संबल की कामना की.

औद्योगिक जगत की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में औद्योगिक एवं व्यावसायिक जगत से टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट डीबी सुंदररमम, टाटा मोटर्स के एचआर हेड प्रणव कुमार, टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के महामंत्री आरके सिंह, अध्यक्ष शशिभूषण प्रसाद और इंटक से जुड़े श्रमिक नेता राकेश्वर पांडेय सहित कई लोगों ने श्रद्धांजलि दी. भारत मुंडा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एतवा मुंडा, ओडिशा से पहुंचे रविंद्र सिंह मुंडा और नाथो सिंह मुंडा, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी जेबी तुबिद, रांची के चिकित्सक डॉ. एसके पाल और झामुमो जमशेदपुर के जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों ने भी अंतिम विदाई दी.
संघर्षों में तपकर गढ़ा था बेटे का भविष्य

अर्जुन मुंडा के बचपन में ही पिता का साया उठ गया था. इसके बाद सायरा मुंडा ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण किया और बच्चों को बेहतर संस्कार दिए. बेटे के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचने के बावजूद उन्होंने अपनी सादगी और जीवन मूल्यों को नहीं छोड़ा. वे बेहद व्यावहारिक थीं और पाई-पाई का हिसाब रखती थीं. फिजूलखर्ची से दूर रहकर छोटी-छोटी बचत से जरूरतमंदों की मदद करना उनकी आदत थी. जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग देने से लेकर जरूरतमंदों के इलाज में आर्थिक मदद करने तक वे हमेशा आगे रहती थीं. बेटे-बेटियों और नाती-पोतों से भरे परिवार में सायरा मुंडा सभी के लिए स्नेह और मार्गदर्शन का केंद्र थीं.
बीमार मां के पास बैठकर बजाई थी बांसुरी

पूर्व मुख्यमंत्री सह पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का कुछ दिनों पहले एक भावुक और आत्मीय अंदाज देखने को मिला था. उन्होंने अपनी बीमार मां के पास बैठकर बांसुरी की मधुर धुन सुनाई थी. बांसुरी की मीठी आवाज सुनते ही मां के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी थी. उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो को साझा करते हुए लिखा था - मां मेरे जीवन का सबसे अनमोल आशीर्वाद हैं. उनका प्रेम मेरी सबसे बड़ी शक्ति है.
राष्ट्रपति ने फोन कर जाना था बीमार मां का हाल

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां शायरा मुंडा पिछले कुछ दिनों से जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाजरत थीं. इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दूरभाष पर अर्जुन मुंडा से बातचीत कर उनकी मां के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी. राष्ट्रपति ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की थी. इसकी जानकारी अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की थी.
ये भी पढ़ें : अर्जुन मुंडा की मां का निधन: संघर्षों में तपकर गढ़ा बेटे का भविष्य..सादगी भरी जिंदगी की देखें तस्वीरें
तुम्हारी ममता अमर रहेगी, अंतिम प्रणाम मां...

मां सायरा मुंडा के निधन पर अर्जुन मुंडा का दर्ज छलक पड़ा. उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर लिखा - मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं…तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था. साथ ही एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर साझा किया जिसमें वो अपने बेटे डॉ अभिषेक मुंडा के साथ मां को कंधा देते नजर आ रहे हैं. वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा - मां, आपकी अंतिम यात्रा के साथ जीवन का एक युग समाप्त हो गया, लेकिन आपका ममत्व, आशीर्वाद और स्मृतियां सदैव मेरे जीवन में अमर रहेंगी. साथ ही मुखाग्नि देते हुए साझा किए गए वीडियो में उन्होंने लिखा - मां, तुम्हारी ममता अमर रहेगी, तुम्हारी यादें हमेशा दिल में रहेगी. अंतिम प्रणाम मां.

ये भी पढ़ें : खेतों में काम कर बच्चों को पाला, बेटे को बनाया झारखंड का मुख्यमंत्री..अर्जुन मुंडा ने खोया मां का साथ
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
