आषाढ़ में जेठ जैसी तपिश, बारिश नहीं होने से किसान परेशान, धान की रोपाई पर गहराया संकट
आसमान में छाये बादल, पर तपिश जारी.
Banka Weather Update : पंजवारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आषाढ़ के महीने में भी झमाझम बारिश का अभाव है. लोग जेठ जैसी गर्मी और उमस से परेशान हैं, जबकि किसानों की चिंता धान की रोपाई को लेकर बढ़ गई है.
Banka Weather Update : पंजवारा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है. आषाढ़ का महीना होने के बावजूद मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है. कई दिनों से झमाझम बारिश नहीं होने के कारण लोगों को जेठ जैसी चिलचिलाती धूप और उमस का सामना करना पड़ रहा है. मौसम में बदलाव नहीं होने से लोगों को राहत मिलने के आसार भी फिलहाल कम नजर आ रहे हैं.
सुबह से ही झुलसा रही धूप
सुबह सूरज निकलते ही तेज धूप अपना असर दिखाना शुरू कर देती है. जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, गर्मी और उमस दोनों बढ़ जाती हैं. लोग सुबह से ही पसीने से तर-बतर हो रहे हैं. दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर आवाजाही भी काफी कम हो जाती है. जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोगों को तेज धूप के बीच काफी परेशानी उठानी पड़ रही है.
बारिश नहीं होने से बढ़ी किसानों की चिंता
आषाढ़ का महीना धान की रोपाई के लिए सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेतों में नमी की कमी बनी हुई है. किसानों का कहना है कि धान का बिचड़ा तैयार है, लेकिन खेत सूखे रहने के कारण रोपाई शुरू नहीं हो पा रही है. यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई, तो खरीफ फसलों के उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
खेतों की नमी खत्म होने लगी
लगातार तेज धूप के कारण खेतों की नमी तेजी से खत्म हो रही है. इससे धान के बीचड़े को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है. किसानों का कहना है कि यदि मानसून जल्द सक्रिय नहीं हुआ, तो उनकी महीनों की मेहनत और लागत दोनों प्रभावित हो सकती हैं.
बारिश का इंतजार, मौसम पर टिकी उम्मीदें
क्षेत्र के किसान अब मानसून की सक्रियता का इंतजार कर रहे हैं. उनका मानना है कि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने पर ही धान की रोपाई गति पकड़ सकेगी. वहीं आम लोगों को भी उम्मीद है कि बारिश होने से भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए