आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने किया धरना-प्रदर्शन, बकाया मानदेय भुगतान की उठी मांग
फोटो- सेविका एवं सहायिका धरना-प्रदर्शन करते हुए | Prabhat Khabar Network
आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने अपने बकाया मानदेय और अन्य देय राशियों के भुगतान को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. उन्होंने नियमित और समयबद्ध भुगतान के साथ 5जी मोबाइल रिचार्ज सुविधा, पदोन्नति और ग्रेच्युटी की मांग उठाई.
शंभुगंज (बांका). प्रखंड कार्यालय परिसर में मंगलवार को बिहार आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के आह्वान पर संघ की प्रखंड इकाई के तत्वावधान में आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया. सेविका-सहायिकाओं ने लंबे समय से बकाया मानदेय एवं अन्य देय राशियों का भुगतान नहीं होने पर रोष जताया. प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नियमित और समयबद्ध भुगतान के साथ कई अन्य मांगों को लेकर आवाज बुलंद की.
आपके शहर में
बकाया मानदेय का हो नियमित भुगतान
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी ने की, जबकि संघ की जिला अध्यक्ष सावित्री सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं. धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से मानदेय एवं अन्य देय राशियों का भुगतान नहीं होने से सेविका-सहायिकाओं के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. संघ ने बकाया मानदेय का तत्काल अद्यतन भुगतान करने और खंडित भुगतान व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की.
5जी मोबाइल रिचार्ज की सुविधा देने की मांग
सेविका-सहायिकाओं ने 5जी मोबाइल रिचार्ज की सुविधा अथवा इसके लिए राशि उपलब्ध कराने की मांग की. साथ ही सेविका से महिला पर्यवेक्षिका तथा सहायिका से सेविका के पद पर पदोन्नति एवं बहाली प्रक्रिया में एकरूपता और पारदर्शिता लाने की मांग की गई. संघ ने लंबित पदोन्नति और बहाली प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग भी उठाई.
पोशाक और अन्य लंबित राशि का हो भुगतान
धरना के दौरान पोशाक राशि, अन्नप्राशन, गोदभराई, प्रोत्साहन राशि और मकान किराया सहित सभी लंबित भत्तों का अद्यतन भुगतान करने की मांग की गई. वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए सेविका-सहायिकाओं के मानदेय में सम्मानजनक और समुचित वृद्धि की जानी चाहिए.
ग्रेच्युटी और सेवांत लाभ देने की मांग
संघ ने न्यायालय के आदेश के आलोक में सेविका-सहायिकाओं को ग्रेच्युटी तथा अन्य सेवांत लाभ अविलंब उपलब्ध कराने की मांग की. धरना में शंभुगंज क्षेत्र की दर्जनों आंगनबाड़ी सेविकाएं एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए