दो मासूम बच्चों को छोड़ 22 वर्षीय महिला ने की आत्महत्या, प्रेम विवाह के पांच साल बाद परिवार में पसरा मातम
घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस. | Prabhat Khabar Network
Banka News : बांका के अमरपुर प्रखंड से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां 22 वर्षीय शालू कुमारी का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. दो छोटे बच्चों की मां शालू के इस कदम का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Banka News : अमरपुर प्रखंड की शोभानपुर पंचायत अंतर्गत बलुआ गांव निवासी अनंत कुमार की 22 वर्षीय पत्नी शालू कुमारी का शव शुक्रवार सुबह घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला. मृतका की सास उर्मिला देवी ने बताया कि गुरुवार रात भोजन करने के बाद शालू अपने बच्चों के साथ कमरे में सोने चली गई थी. शुक्रवार सुबह जब वह दूसरी मंजिल पर सफाई करने पहुंचीं तो कमरे से बच्चों के रोने की आवाज सुनाई दी. दरवाजा खोलकर देखा तो शालू गमछे के सहारे छत में लगे हुक से लटकी हुई थी.
परिजनों ने नीचे उतारा, तब तक हो चुकी थी मौत
परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और महिला को तुरंत नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलने पर मृतका के पिता रामू पंजियारा भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी. घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल है.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पुलिस कर रही जांच
सूचना मिलते ही दारोगा संजय कुमार गुप्ता, महिला दारोगा कुमारी रश्मि पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने एफएसएल टीम को भी बुलाया. वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल की जांच के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है.
प्रेम विवाह के पांच साल बाद हुई घटना, कारण स्पष्ट नहीं
मृतका के पिता ने बताया कि वर्ष 2021 में शालू कुमारी ने गांव के ही अनंत कुमार से प्रेम विवाह किया था. दंपति के दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा चार वर्ष और छोटा मात्र तीन माह का है. पति अनंत कुमार पिछले सात महीने से हैदराबाद में मजदूरी कर रहे हैं. परिजनों के अनुसार, महिला ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है. थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रीतम कुमार
प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










