औरंगाबाद : शिवगंज में बाइक सवार युवक को घेरकर मारपीट, करीब 10 युवकों पर रॉड से हमला करने का आरोप
घायल युवक | Prabhat Khabar Network
औरंगाबाद के शिवगंज इलाके में शुक्रवार को एक युवक पर दस लोगों ने रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पुराने विवाद को लेकर हुई इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घायल युवक को इलाज के लिए रेफर किया गया है.
औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज इलाके में शुक्रवार को पूर्व से चले आ रहे किसी पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और मारपीट की घटना सामने आई है. इस मारपीट की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है.
घायल युवक की पहचान देव थाना क्षेत्र के रहने वाले अशोक विश्वकर्मा के पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में की गई है. घटना के संबंध में घायल युवक के परिजनों ने बताया कि सुधांशु कुमार अपनी बाइक पर सवार होकर रफीगंज की ओर जा रहा था.
रॉड से हमला कर किया गंभीर घायल
परिजनों के अनुसार, जैसे ही सुधांशु कुमार शिवगंज के पास पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे करीब दस युवकों ने उसे घेर लिया. आरोप है कि उन युवकों ने लोहे की रॉड से हमला कर सुधांशु को बुरी तरह पीट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
इस अचानक हुई मारपीट की घटना के बाद मौके पर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मदनपुर पहुंचाया गया.
सदर अस्पताल रेफर और पुलिस जांच शुरू
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर कर दिया गया. इस पूरी घटना की जानकारी मदनपुर थाना की पुलिस को दे दी गई है.
पुलिस फिलहाल इस मामले की तमाम जानकारी जुटाने में लगी हुई है. परिजनों की ओर से हमलावरों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की जा रही है. वहीं, पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए