CM सम्राट चौधरी से मिले MP राजाराम सिंह, इंद्रपुरी जलाशय और सोन नहरों के आधुनिकीकरण की मांग
काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा. इसमें इंद्रपुरी जलाशय का शीघ्र निर्माण, सोन नहर प्रणाली का आधुनिकीकरण, दाउदनगर-डेहरी को जिला बनाने की मांग और पुनपुन नदी पर नए पुलों का निर्माण शामिल है.
Aurangabad News : काराकाट सांसद राजाराम सिंह ने पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनके आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित के मुद्दों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे.
सांसद ने इंद्रपुरी जलाशय के शीघ्र निर्माण, सोन नहर प्रणाली के आधुनिकीकरण, दाउदनगर और डेहरी को जिला बनाने, पुनपुन नदी पर दो नए पुलों के निर्माण तथा बाढ़ प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को क्षतिपूर्ति देने की मांग प्रमुखता से उठाई.
सांसद ने मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में कहा कि सोन नहर प्रणाली का निर्माण वर्ष 1874 में हुआ था. इस नहर प्रणाली से बिहार के आठ जिलों में धान, गेहूं सहित विभिन्न फसलों की सिंचाई होती है.
नहरों का निर्माण करीब 100 वर्षों के लिए किया गया था, लेकिन लगभग डेढ़ सौ वर्ष बीत जाने के बाद यह व्यवस्था काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है.
सिंचाई का क्षेत्रफल भी काफी विस्तृत है. इसके अलावा बाणसागर और रिहंद डैम के निर्माण के बाद सोन नदी में पानी की उपलब्धता को लेकर भी चुनौतियां बढ़ी हैं. उन्होंने कहा कि इसी पृष्ठभूमि में तत्कालीन मुख्यमंत्री ने जनवरी 1990 में कदवन डैम का शिलान्यास किया था.
वर्तमान में नवीनगर के दोनों थर्मल पावर प्लांट को भी सोन नदी के पानी की आवश्यकता है. ऐसी स्थिति में इंद्रपुरी जलाशय का शीघ्र निर्माण और सोन नहरों का आधुनिकीकरण बेहद जरूरी हो गया है.
दाउदनगर व डेहरी जिला मांग
सांसद ने बढ़ती आबादी, विकास और प्रशासनिक सुविधा को देखते हुए दाउदनगर और डेहरी को जिला बनाने की मांग की. उन्होंने कहा कि दाउदनगर, ओबरा, हसपुरा और गोह को मिलाकर नया जिला बनाया जा सकता है, जिसका मुख्यालय ऐतिहासिक शहर एवं अनुमंडल मुख्यालय दाउदनगर को बनाया जाए.
इसी तरह डेहरी अनुमंडल को भी जिला बनाने की मांग करते हुए उन्होंने नौहट्टा से नासरीगंज तक सोन नदी के किनारे के प्रखंडों को शामिल करने का सुझाव दिया.
पुनपुन नदी पर दो पुल
सांसद ने ओबरा प्रखंड में पुनपुन नदी पर महुआंव और विशुनपुरा के समीप दो नए पुलों के निर्माण की मांग की. उन्होंने कहा कि पुल बनने से नदी के किनारे बसे दर्जनों गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी.
बाढ़ पीड़ितों को क्षतिपूर्ति
सांसद ने मदाड़ नदी में आई बाढ़ से प्रभावित गोह प्रखंड के कुड़वां एवं आसपास के दर्जनों गांवों का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा.
उन्होंने कहा कि बाढ़ से कई लोग बेघर हुए हैं, सड़कें जर्जर हो गई हैं और धान की फसल बर्बाद हुई है. गोह बाजार में जलजमाव की समस्या का भी स्थायी समाधान कराने की मांग की गई.
सकारात्मक आश्वासन मिला
सांसद राजाराम सिंह ने बताया कि सीएम ने सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए