औरंगाबाद सदर अस्पताल के आईसीयू में शुरू हुई लेवल-दो की सुविधा, गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

Updated:
विज्ञापन

अस्पताल के आई.सी.यू. वार्ड की तस्वीर

Aurangabad News : औरंगाबाद सदर अस्पताल के आईसीयू में अब लेवल-2 की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं. गंभीर मरीजों को वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ मिलेगा बेहतर इलाज.

विज्ञापन

Aurangabad News : मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित सदर अस्पताल में गंभीर मरीजों के बेहतर इलाज की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गयी है. सदर अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई यानी आईसीयू में अब लेवल-दो की व्यवस्था उपलब्ध करा दी गयी है. इस व्यवस्था के शुरू होने से जिले के गंभीर एवं हाई डिपेंडेंसी केयर की जरूरत वाले मरीजों को पहले की अपेक्षा बेहतर और उन्नत उपचार की सुविधा मिलने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

24 घंटे चिकित्सक और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी रहेंगे उपलब्ध

प्राप्त जानकारी के अनुसार आईसीयू में 24 घंटे चिकित्सक एवं प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गयी है. मरीजों की स्थिति पर मल्टीपैरामीटर मॉनिटर के माध्यम से लगातार नजर रखी जा रही है. इसके अलावा वेंटिलेटर, इंफ्यूजन पंप, सिरिंज पंप, ऑक्सीजन सपोर्ट और सक्शन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध हैं. आईसीयू में आपातकालीन दवाओं के साथ आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की व्यवस्था की गयी है, ताकि गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार दिया जा सके.

नेबुलाइजर, ईसीजी और एबीजी जांच की भी सुविधा

आईसीयू में नेबुलाइजर, ईसीजी एवं रक्त गैस जांच यानी एबीजी की सुविधा भी उपलब्ध है. मरीजों के तापमान, नाड़ी, ब्लड प्रेशर और एसपीओ-2 की लगातार निगरानी की जाती है. गंभीर मरीजों की स्थिति में होने वाले बदलाव पर स्वास्थ्यकर्मी लगातार नजर रखते हैं, जिससे जरूरत के अनुसार तत्काल चिकित्सकीय हस्तक्षेप किया जा सके.

Also Read : मंझौल थाना 28 अगस्त को नए भवन में होगा शिफ्ट, स्थानीय लोग हैं नाराज

केंद्रीय ऑक्सीजन लाइन से मिलेगी सुविधा

सदर अस्पताल के आईसीयू में केंद्रीय ऑक्सीजन लाइन की सुविधा उपलब्ध है. वहीं रेडियोलॉजी, एक्स-रे और लैब जांच की सुविधा भी निकटता में होने से गंभीर मरीजों की जांच एवं उपचार में तेजी आने की संभावना है. मरीजों के परिजनों को आवश्यक परामर्श और जानकारी देने की भी व्यवस्था की गयी है. संक्रमण नियंत्रण के लिए स्वच्छता एवं सुरक्षा मानकों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आईसीयू को हाई डिपेंडेंसी केयर प्रदान करने में सक्षम बताया गया है.

अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला | Prabhat Khabar Network
अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला | Prabhat Khabar Network

विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली के लिए विभाग प्रयासरत

मॉडल अस्पताल के रूप में विकसित सदर अस्पताल में आईसीयू की लेवल-दो व्यवस्था शुरू होना स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है. हालांकि, आईसीयू को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की बहाली की दिशा में भी विभाग प्रयासरत है. अस्पताल सूत्रों के अनुसार आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार काम कर रहा है.

Also Read : बेगूसराय: मुखिया राष्ट्रपति कुमार रात में पहुंच गए अस्पताल, मरीजों की हालत की लेने लगे जानकारी

भवन की कमी बनी स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार में बाधा

सदर अस्पताल में मरीजों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास जारी है, लेकिन पर्याप्त भवन नहीं होने के कारण कई स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में परेशानी हो रही है. अस्पताल परिसर में कई वर्षों से भवन निर्माण का कार्य चल रहा है. सदर अस्पताल के कुछ अधिकारियों का कहना है कि यदि निर्माणाधीन भवन को ठेकेदार जल्द पूरा कर अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध करा देता है, तो यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का और तेजी से विस्तार किया जा सकेगा. नया भवन मिलने के बाद विभिन्न विभागों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने में काफी सहूलियत होगी.

हर समय मरीजों का ध्यान रखने के लिए कर्मी मौजूद : प्रफुल्ल

सदर अस्पताल प्रबंधक प्रफुल्ल कांत निराला ने बताया कि सदर अस्पताल में आने वाले किसी भी मरीज को इलाज में परेशानी नहीं हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन पूरी तरह तत्पर है. आईसीयू में मरीजों की बेहतर देखभाल के लिए प्रशिक्षित कर्मियों की व्यवस्था की गयी है और स्वास्थ्यकर्मी हर समय मरीजों की स्थिति पर नजर रखते हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. आने वाले समय में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार के साथ सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी. सदर अस्पताल में आईसीयू की लेवल-दो व्यवस्था शुरू होने से औरंगाबाद जिले के लोगों में गंभीर मरीजों के इलाज को लेकर उम्मीद बढ़ी है.

Also Read : बेगूसराय: जानकी एक्सप्रेस में पैर रखने की जगह नहीं, लोगों की अपील-रक्षाबंधन के मौके पर कोच बढ़ाए रेलवे


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन