खैरा माइनर में पानी की मांग को लेकर निरीक्षण पर निकले किसानों का टोटो पलटा, चार घायल

Updated:
विज्ञापन
अस्पताल में इलाजरत किसान

अस्पताल में इलाजरत किसान

Aurangabad News : कुटुंबा में खैरा माइनर में पानी की मांग को लेकर जा रहे किसानों का टोटो पलटने से चार लोग घायल हो गए. अस्पताल में सभी का इलाज जारी है.

विज्ञापन

Aurangabad News : औरंगाबाद के अंबा क्षेत्र में सिंचाई के लिए पानी की मांग को लेकर मुख्य नहर का निरीक्षण करने जा रहे किसानों का टोटो पलट गया. हादसा कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव के समीप हुआ, जिसमें चार किसान घायल हो गए. घायलों की पहचान लभरी गांव निवासी विकास सिंह, उपेंद्र सिंह, संतोष सिंह और रुपेश कुमार सिंह के रूप में हुई है. सभी का इलाज रेफरल अस्पताल, कुटुंबा में कराया गया.

खैरा माइनर में पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान

जानकारी के अनुसार, लभरी गांव के किसान खैरा माइनर में पानी नहीं पहुंचने से लंबे समय से परेशान हैं. धान रोपनी के मौसम में भी माइनर सूखा पड़ा है, जिससे किसानों को सिंचाई संकट का सामना करना पड़ रहा है. इसी समस्या को लेकर किसान टोटो से मुख्य नहर के ऊपरी हिस्से का जायजा लेने जा रहे थे, ताकि वहां की स्थिति देखकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर सकें. इसी दौरान दधपा गांव के पास टोटो अनियंत्रित होकर पलट गया और उस पर सवार किसान घायल हो गए.

ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाए गए घायल

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और संतन कुमार सिंह के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल रेफरल अस्पताल, कुटुंबा पहुंचाया गया. किसानों ने बताया कि दुर्घटना में किसी के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि किसी के सिर में चोट आई है. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर बताई है.

नहर की बदहाली पर किसानों ने जताई नाराजगी

दुर्घटना के बाद किसानों ने खैरा माइनर की बदहाल स्थिति पर भी नाराजगी जताई. उनका कहना है कि इस वर्ष अब तक माइनर में एक बार भी पानी नहीं छोड़ा गया है. नहर कई स्थानों पर जर्जर हो चुकी है और उसकी नियमित सफाई भी नहीं कराई गई है, जिससे पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है.

सिंचाई विभाग से जल्द पानी छोड़ने और मरम्मत की मांग

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खैरा माइनर में पानी उपलब्ध नहीं कराया गया तो धान की फसल प्रभावित हो सकती है. उन्होंने सिंचाई विभाग से माइनर में शीघ्र पानी छोड़ने, नहर की मरम्मत कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

Also Read : मुंशी प्रेमचंद जयंती पर नवोत्साह साहित्य संगम का आयोजन, साहित्यिक योगदान पर हुई विस्तृत चर्चा



विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन