औरंगाबाद में शादी के दो माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप, ससुराल वाले फरार

सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के इंतजार में पिता और अन्य परिजन मृतका का फाइल फोटो
औरंगाबाद के चातर गांव में शादी के महज दो माह बाद 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
औरंगाबाद/ओबरा। औरंगाबाद जिले के खुदवा थाना क्षेत्र के चातर गांव में शादी के महज दो माह बाद 22 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया है. घटना के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं.
मृतका की पहचान, दो लाख रुपये दहेज मांगने का आरोप
मृतका की पहचान चातर गांव निवासी राजू यादव की पत्नी श्रद्धा कुमारी उर्फ श्रद्धा देवी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, श्रद्धा की शादी 12 मई 2026 को हुई थी. मृतका के पिता विजय यादव, जो जम्होर थाना क्षेत्र के आसखाप गांव के रहने वाले हैं, ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दो लाख रुपये दहेज की मांग कर रहा था. मांग पूरी नहीं होने पर उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता था.
परिजनों ने हत्या का लगाया आरोप
मायके पक्ष का कहना है कि श्रद्धा ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है. परिजनों का आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. इस मामले के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खुदवा थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होता है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चलेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. परिजनों से आवेदन मिलने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










