मचानी में संदिग्ध हालात में नवविवाहिता की मौत, चार माह की थी गर्भवती
Published by : Vikash Kumar Updated At : 01 Mar 2026 9:48 PM
AURANGABAD NEWS.सलैया थाना क्षेत्र के मचानी गांव में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी.
मायके पक्ष ने लगाया दहेज के लिए हत्या का आरोप, जांच जारी
औरंगाबाद कार्यालय.
सलैया थाना क्षेत्र के मचानी गांव में एक नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतका की पहचान रामकृत पाल के पुत्र सनोज कुमार की पत्नी रिंकी कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि रिंकी चार माह की गर्भवती भी थी. घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि दहेज के लिए की गयी हत्या बताया है. घटना की सूचना मिलते ही सलैया थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम देर रात मचानी गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. जिस कमरे में रिंकी का शव फंदे से लटका मिला, उसे पुलिस ने सील कर दिया है. शव को कब्जे में लेकर रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया. पुलिस का मानना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी. सदर अस्पताल पहुंचे मृतका के पिता व देव थाना क्षेत्र के सटवट गांव निवासी सत्येंद्र भगत ने रोते हुए बताया कि उन्होंने सात मई 2025 को अपनी बेटी की शादी पूरे रीति-रिवाज और ससुराल पक्ष की सभी मांगें पूरी करते हुए की थी. उन्होंने कहा कि दामाद विशाखापत्तनम में पोकलेन चलाने का काम करता था और शादी के समय से ही घर पर था. पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को शादी के बाद से ही दहेज और जेवर को लेकर प्रताड़ित किया जाता था.जेठानी पर परेशान करने का आरोप
मृतका की मां पुष्पा देवी ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को अक्सर बात तक नहीं करने दिया जाता था. दामाद उसका मोबाइल अपने पास रखता था और किसी से अकेले बात नहीं करने देता था. उन्होंने यह भी कहा कि जेठानी द्वारा भी उसे काफी परेशान किया जाता था. मां ने कहा कि जिस तरह उनकी बेटी को तड़पा-तड़पाकर मारा गया है, उसी तरह दोषियों को भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए. मृतका के चाचा व वार्ड सदस्य रंजन कुमार ने भी इसे हत्या बताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और आरोपितो की गिरफ्तारी की मांग की है. उन्होंने कहा कि चार माह की गर्भवती महिला का इस तरह फंदे से लटका मिलना कई सवाल खड़े करता है.
घटना के बाद से पति घर से फरार
इधर, मृतका के ससुर ने घटना की जानकारी से अनभिज्ञता जतायी है. वहीं, ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद से पति घर से फरार बताया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है. थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और दोषी पाये जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










