चार दिनों तक खाते से उड़ते रहे रुपये, भनक तक नहीं लगी; औरंगाबाद में श्रृंगार व्यवसायी से 1.98 लाख की साइबर ठगी

Author Ambuj kumar|Edited by Vivek Ranjan
Updated:
विज्ञापन
बैंक असेसमेंट दिखाई व्यवसायी | Prabhat Khabar

बैंक असेसमेंट दिखाई व्यवसायी | Prabhat Khabar

Aurangabad Cyber Fraud: औरंगाबाद के अंबा में साइबर अपराधियों ने एक श्रृंगार व्यवसायी के पीएनबी खाते से चार दिनों में 1.98 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. रकम Amazon पर खरीदारी के जरिए निकाली गई. पीड़ित ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है.

विज्ञापन

Aurangabad Cyber Fraud: साइबर अपराधियों ने औरंगाबाद जिले के अंबा बाजार के एक श्रृंगार व्यवसायी के बैंक खाते को निशाना बनाते हुए चार दिनों में 1.98 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली. हैरानी की बात यह रही कि 6 जुलाई से 9 जुलाई के बीच खाते से लगातार ट्रांजैक्शन होते रहे, लेकिन व्यवसायी को इसकी भनक तक नहीं लगी. मामले का खुलासा तब हुआ, जब उन्होंने बैंक बैलेंस की जांच की.

बैलेंस चेक करने पर हुआ ठगी का खुलासा

पीड़ित शमशे आलम, झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के अरुआ खुर्द गांव के निवासी हैं. वे अंबा बाजार के नवीनगर रोड स्थित आरबी कॉम्प्लेक्स में श्रृंगार सामग्री की थोक दुकान चलाते हैं. व्यवसायिक लेन-देन के लिए उनका खाता अंबा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में है.

गुरुवार सुबह बैलेंस चेक करने पर उनके खाते में केवल 1.24 लाख रुपये बचे थे, जबकि पहले करीब तीन लाख रुपये जमा थे. इसके बाद वे तत्काल बैंक पहुंचे.

Amazon पर नौ बार 20-20 हजार और एक बार 18 हजार रुपये का ट्रांजैक्शन

बैंक स्टेटमेंट की जांच में पता चला कि 6 से 9 जुलाई के बीच (8 जुलाई को छोड़कर) साइबर अपराधियों ने Amazon पर ऑनलाइन खरीदारी के जरिए रकम निकाली. बैंक के अनुसार, 20-20 हजार रुपये के नौ ट्रांजैक्शन और 18 हजार रुपये का एक ट्रांजैक्शन किया गया. इस तरह कुल 1.98 लाख रुपये खाते से निकल गए.

बैंक पहुंचने के दौरान भी हुआ ट्रांजैक्शन

पीड़ित के अनुसार, जब वे बैंक में शिकायत करने जा रहे थे, उसी दौरान भी खाते से 20 हजार रुपये का एक और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन हो गया. इसके बाद बैंक ने तत्काल खाता फ्रीज कर दिया और विस्तृत स्टेटमेंट उपलब्ध कराया.

साइबर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना के बाद शमशे आलम ने औरंगाबाद साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बैंक स्टेटमेंट सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज पुलिस को सौंप दिए हैं.

व्यवसायी ने बताया कि इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. थोक कारोबार होने के कारण उनकी पूंजी का बड़ा हिस्सा बैंक खाते में रहता था. अचानक इतनी बड़ी राशि निकल जाने से कारोबार प्रभावित हो गया है.

तकनीकी जांच में जुटी पुलिस

साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के तकनीकी पहलुओं, डिजिटल भुगतान माध्यमों तथा जिन खातों या प्लेटफॉर्म के जरिए खरीदारी की गई, उनकी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: नवादा में लंबित योजनाओं पर डीएम सख्त, मुआवजा भुगतान और निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश




विज्ञापन
Ambuj Kumar

लेखक के बारे में

By Ambuj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन