औरंगाबाद में लगा स्वास्थ्य शिविर, जांच और परामर्श के साथ लोगों को दी गई जरूरी सलाह; जाने कैसे रहे स्वस्थ
दीप जलाकर उद्घाटन करते अतिथि
औरंगाबाद में 'स्वच्छता ही सेवा-2026' अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन. स्वास्थ्य जांच, बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का मिला ज्ञान. आज ही जानें.
Aurangabad Health Camp : औरंगाबाद में स्वच्छता के साथ बेहतर स्वास्थ्य का संदेश देने के उद्देश्य से शहर के सम्राट अशोक भवन में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत नगर परिषद, औरंगाबाद की ओर से आयोजित इस शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गयी. चिकित्सकों ने स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ बीमारियों से बचाव की जानकारी दी और लोगों को स्वच्छ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया.
स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता पर जोर
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देशानुसार आयोजित शिविर का उद्देश्य आमजनों में स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था. साथ ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में सामुदायिक सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया. शिविर में पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध करायी गयी.
स्वच्छता अपनाकर बीमारियों से करें बचाव
शिविर के दौरान लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ घर और आसपास साफ-सफाई रखने के लिए जागरूक किया गया. स्वच्छ पेयजल के उपयोग और कचरे के उचित निस्तारण की जानकारी भी दी गयी. लोगों को संक्रमण और विभिन्न बीमारियों से बचाव के उपाय बताये गये. उन्हें समझाया गया कि स्वच्छ वातावरण का सीधा संबंध बेहतर स्वास्थ्य से है और दैनिक जीवन में स्वच्छता को आदत बनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है.
2 अक्तूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
जिले की सभी ग्राम पंचायतों और नगर निकायों में दो अक्तूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ औरंगाबाद के निर्माण में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है. इसके अंतर्गत कचरे के ढेर वाले स्थलों को चिह्नित कर विशेष सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, विद्यालयों में स्वच्छता पाठशाला, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर और पर्यटन स्थलों की साफ-सफाई समेत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं.
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छ औरंगाबाद
जिला प्रशासन ने आमजनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है. लोगों से अपने घर, गली, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित निस्तारण करने और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह किया गया है. प्रशासन के अनुसार, सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर औरंगाबाद का निर्माण संभव है.
दीप जलाकर किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. कृष्ण कुमार, डीपीएम अनवर आलम, नगर परिषद अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता और रेड क्रॉस अध्यक्ष सतीश कुमार सिंह आदि ने दीप जलाकर किया.
औरंगाबाद में देर रात पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी, 30 से अधिक गिरफ्तार; जानिए पूरा मामला
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए