गाड़ी टकराने के विवाद में मुखिया व टेलर मालिक के बीच झड़प, प्राथमिकी दर्ज
Published by : SUJIT KUMAR Updated At : 30 Jan 2026 4:40 PM
इस घटना में टेलर मालिक और कंचनपुर पंचायत के मुखिया के बीच जमकर मारपीट हुई है
बारुण. बारुण थाना क्षेत्र के सरंगा मोड़ के समीप गाड़ी टकराने के हुई मामूली विवाद ने बाद में हिंसक रूप ले लिया. इस घटना में टेलर मालिक और कंचनपुर पंचायत के मुखिया के बीच जमकर मारपीट हुई है. मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ बारुण थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुट गयी है. पहली प्राथमिकी नरारी कला खुर्द थाना क्षेत्र अंतर्गत बेनी बिगहा निवासी धर्मेंद्र सिंह ने दर्ज करायी है. इन्होंने आवेदन में बताया है कि उनके टेलर का चालक रोहतास जिले के बहेरा निवासी इंद्रदेव सिंह कंचनपुर की ओर से बारुण आ रहा था. इसी दौरान सरंगा मोड़ के पास कंचनपुर के मुखिया बसंत कुमार सिंह द्वारा उनकी गाड़ी में रगड़ मार दी गयी. आरोप है कि इसके बाद मुखिया द्वारा हॉकी स्टिक निकालकर चालक के साथ मारपीट की गयी, वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया और गाड़ी जलाने की धमकी भी दी गयी. वहीं, दूसरे पक्ष से कंचनपुर पंचायत के मुखिया बसंत कुमार सिंह ने भी बारुण थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. उन्होंने बताया है कि वे अपने घर कंचनपुर जा रहे थे, तभी सरंगा मोड़ के पास एक टेलर ने सामने से उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी. उन्होंने आरोप लगाया है कि गाड़ी से उतरने पर चालक और एक अन्य व्यक्ति को यह कहते हुए सुना कि मुखिया बच गया, भागो, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गये. मुखिया का कहना है कि यह हमला जान से मारने की नीयत से किया गया था. अपर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है तथा मामले की जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










