हसपुरा में 449.81 करोड़ की वार्षिक ऋण योजना, ऋण-जमा अनुपात कम रहने पर एलडीएम ने जताई चिंता
बैठक में शामिल पदाधिकारी व अन्य
Aurangabad News : हसपुरा में आयोजित बीएलबीसी बैठक में एलडीएम ने बैंकों को वार्षिक ऋण योजना का लक्ष्य समय पर पूरा करने और ऋण-जमा अनुपात सुधारने का निर्देश दिया.
Aurangabad News : औरंगाबाद ग्रामीण. हसपुरा प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति (बीएलबीसी) की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) नंद किशोर प्रसाद चौधरी ने की. इसमें प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, ग्राम साथी के प्रतिनिधि और आरसेटी के निदेशक शामिल हुए.
आपके शहर में
449.81 करोड़ रुपये का रखा गया है ऋण योजना का लक्ष्य
अग्रणी जिला प्रबंधक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में हसपुरा प्रखंड के लिए वार्षिक ऋण योजना का लक्ष्य 449.81 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है. प्रथम तिमाही में प्रखंड का ऋण-जमा अनुपात 35.49 प्रतिशत रहा. वार्षिक ऋण योजना की उपलब्धि और ऋण-जमा अनुपात अपेक्षाकृत कम रहने पर एलडीएम ने चिंता जताई. उन्होंने सभी बैंकरों को बेहतर प्रदर्शन करते हुए ऋण-जमा अनुपात बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया.
सरकारी योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना (पीएमएफएमई), लखपति दीदी योजना और स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) समेत अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. एलडीएम ने सभी बैंकों को चालू तिमाही के लिए निर्धारित वार्षिक ऋण योजना के लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.
पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
एलडीएम ने कहा कि सरकार की ऋण और स्वरोजगार योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना बैंकरों की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने शाखा स्तर पर लंबित ऋण आवेदनों का समय पर निष्पादन करने और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया. बैंक अधिकारियों को लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं करने का निर्देश दिया गया.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता पर जोर
बैठक में साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी चर्चा हुई. एलडीएम ने ग्राहकों और आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई. उन्होंने बैंकिंग लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने और संदिग्ध लिंक, फोन कॉल या संदेश के माध्यम से मांगी जाने वाली बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने को लेकर लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को ऋण देने का निर्देश
आरसेटी के निदेशक ने आरसेटी से प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी पात्रता के अनुसार ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध बैंकरों से किया. इस पर एलडीएम ने सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं और पात्र लाभुकों के लंबित ऋण आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया. बैठक में बैंकिंग सेवाओं को बेहतर बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया.
Also Read : अंतिम सोमवारी पर शिवमय हुआ नवादा, शोभिया समेत सभी मंदिरों में उमड़ी आस्था की भीड़
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए