72 घंटे में छिनतई के 2.90 लाख रुपये बरामद, अपराधी को पकड़ने के लिए औरंगाबाद पुलिस कर रही छापेमारी
छिनतई के रुपए के साथ पुलिस
Aurangabad News : ओबरा में हुई 3 लाख की छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. घटना के 72 घंटे के भीतर पुलिस ने 2.90 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं, आरोपी की तलाश जारी है.
Aurangabad News : ओबरा थाना क्षेत्र के नारायणपुर स्थित एनएच-139 पर 19 अगस्त को दिनदहाड़े हुई तीन लाख रुपये की छिनतई के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. घटना के महज 72 घंटे के भीतर पुलिस ने छिनतई की राशि में से 2 लाख 90 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं. हालांकि, घटना में शामिल आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
आपके शहर में
जमीन खरीदने के लिए बैंक से निकाले थे तीन लाख रुपये
जानकारी के अनुसार, जमुहारा गांव निवासी ज्वाला प्रसाद हिमांशु 19 अगस्त को करीब 11 बजे ओबरा स्थित एसबीआई बैंक से जमीन खरीदने के लिए तीन लाख रुपये की निकासी की थी. इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान नारायणपुर के समीप एनएच-139 पर बाइक सवार दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और रुपये छीनकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद ओबरा थाना में कांड संख्या 341/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की.
Also Read : नवादा: प्राइवेट अस्पताल में महिला की मौत के मामले में 10 हिरासत में, जांच के लिए बनायी जा रही टीम
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्ध की हुई पहचान
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार ने मामले की जांच तेज कर दी. पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और संभावित मार्गों पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले. तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन के आधार पर पुलिस को एक संदिग्ध की पहचान करने में सफलता मिली. जांच के दौरान उसके एक कुख्यात गिरोह से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आई.
Also Read : नवादा: सावन की अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ी भीड़, हजारों शिवभक्तों ने बाबा भोले पर चढ़ाया जल
कटिहार के कोढ़ा में आरोपी के घर से बरामद हुए रुपये
संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने उसके संबंध में आसूचना संकलित की और उसका पीछा करते हुए कटिहार जिले के कोढ़ा स्थित उसके घर पर छापेमारी की. पुलिस ने छापेमारी के दौरान वहां से छिनतई की राशि में से 2 लाख 90 हजार रुपये बरामद कर लिए. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधी यह न समझें कि वे पुलिस की पकड़ से बच जाएंगे. अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटिहार के कोढ़ा से छिनतई की राशि बरामद की है. पुलिस की टीम लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और कानून के शिकंजे से बच पाना मुश्किल है.
Also Read : नवादा: एक सप्ताह बाद गोविंदपुर की जलमीनार में लगा नया मोटर, लोगों को मिली राहत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए