दाउदनगर के केरा में अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त, चालक फरार
जब्त ट्रैक्टर के साथ पुलिसकर्मी | Prabhat Khabar Network
दाउदनगर के केरा में खनन विभाग और पुलिस ने अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी में बालू से लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए गए हैं, जिससे अवैध कारोबारियों में खलबली मच गई है.
अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा में खनन विभाग एवं दाउदनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर जब्त किए. कार्रवाई के बाद अवैध बालू के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया.
आपके शहर में
दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में खनन विभाग एवं दाउदनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा केरा में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को पकड़ा गया. पुलिस एवं खनन विभाग की टीम को देखते ही वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. इस कारण मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. तीनों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना लाया गया है.

थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त किए गए तीनों ट्रैक्टरों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. अवैध बालू खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं खनन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है.
उन्होंने कहा कि अवैध तरीके से बालू का खनन, परिवहन अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में संलिप्त वाहनों को जब्त करने के साथ संबंधित लोगों पर नियमानुसार प्राथमिकी एवं अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन के विरुद्ध छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए