औरंगाबाद में दोमुहान पुल टूटने से परिवहन व्यवसाय ठप: बस मालिकों के सामने रोजी-रोटी का संकट, डीएम से लगाई गुहार

Updated:
विज्ञापन

डीएम का ध्यान दिलाने पहुंचे बस मालिक

Aurangabad News: औरंगाबाद-डालटेनगंज एनएच 139 पर स्थित दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद से बसों का परिचालन पूरी तरह ठप है. इससे नाराज और परेशान बस मालिकों ने जिलाधिकारी (डीएम) को आवेदन सौंपकर पुल की जल्द मरम्मत और डाइवर्जन निर्माण की मांग की है.

विज्ञापन

Aurangabad News: (औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट):
औरंगाबाद-डालटेनगंज एनएच 139 पर रिसियप के समीप दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने का बड़ा खामियाजा स्थानीय वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान के साथ भुगतना पड़ रहा है. रूट बंद होने से बस संचालकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. इस गंभीर समस्या को लेकर जिले के बस मालिकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की है. उन्होंने डीएम को लिखित आवेदन देकर पुल की शीघ्र मरम्मत कराने तथा पुल के नीचे डाइवर्जन निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराने की पुरजोर मांग की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

प्रमुख रूट बंद होने से सैकड़ों परिवारों के सामने खड़ा हुआ रोटी-रोटी का संकट

बस मालिकों द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में विस्तार से अपनी पीड़ा व्यक्त की गई है. आवेदन में कहा गया है कि गया-औरंगाबाद से डाल्टनगंज तथा हरिहरगंज होकर औरंगाबाद से नवीनगर जाने वाले इस प्रमुख मार्ग के बीच स्थित दोमुहान पुल के अचानक टूट जाने के कारण सभी यात्री बसों का परिचालन पूरी तरह से बंद है.

सड़क संपर्क टूटने से बस मालिकों, चालकों, कंडक्टरों और सह चालकों (खलासी) के समक्ष अचानक गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है. वाहन स्वामियों का कहना है कि बीते लगभग एक सप्ताह से पुल क्षतिग्रस्त पड़ा हुआ है, लेकिन अब तक प्रशासन द्वारा न तो मरम्मत का कार्य शुरू किया गया है और न ही भारी वाहनों के लिए पुल के नीचे कोई अस्थायी डाइवर्जन का निर्माण कराया गया है.

प्रतिदिन हो रहा है भारी नुकसान, यात्रियों का आवागमन भी हुआ बेपटरी

आवेदन में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि बसों का परिचालन अचानक बंद रहने से इस व्यवसाय पर आश्रित सैकड़ों परिवारों की आजीविका सीधे तौर पर प्रभावित हो रही है. बस मालिकों को टैक्स, किश्त और अन्य खर्चों के बीच प्रतिदिन भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है. वहीं दूसरी तरफ, दैनिक मजदूरी करने वाले चालक, कंडक्टर और अन्य कर्मियों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया है. इसके अलावा, इस मार्ग पर चलने वाले हजारों आम यात्रियों को भी अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए आवागमन में भारी कठिनाइयों और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है.

युद्धस्तर पर काम शुरू करने की मांग, परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोग हुए लामबंद

बस संचालकों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि दोमुहान पुल की मरम्मत के कार्य को बिना किसी देरी के युद्धस्तर पर कराया जाए. साथ ही, मुख्य पुल के नीचे मजबूत डाइवर्जन का निर्माण जल्द शुरू किया जाए ताकि ठप पड़ी यातायात व्यवस्था को दोबारा सुचारू रूप से बहाल किया जा सके.

त्वरित कार्रवाई की मांग करने वालों में नवीन कुमार सिंह, राजीव कुमार सिंह, रामाधार सिंह, सुनील कुमार, राकेश कुमार, उग्रसेन प्रताप सिंह, बालकेश सिंह, रविंद्र सिंह, सत्यनारायण सिंह, कुमार आदित्यनारायण सिंह, आकाश सिंह और नरेंद्र कुमार सिंह आदि प्रमुख रूप से शामिल हैं. इन सभी बस मालिकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों ने प्रशासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए तत्काल कदम उठाने की मांग की है.

Also Read: औरंगाबाद में मौत का कुआं’ बने एनएच-139 को फोरलेन बनाने की मांग तेज, जन आंदोलन की तैयारी शुरू

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन