नियोजित शिक्षक 26 सितंबर को देंगे धरना, मांगें पूरी नहीं हुईं तो सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
बैठक को संबोधित करते प्रदेश महासचिव सह जिलाध्यक्ष जयंत व अन्य | Prabhat Khabar Network
बिहार के नियोजित शिक्षक 26 सितंबर को अपनी लंबित मांगों को लेकर जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना देंगे. प्रोन्नति, पुरानी पेंशन और 2020 नियमावली के लाभों की मांग को लेकर शिक्षक अपनी आवाज उठाएंगे.
Contract Teachers To Stage a Protest On 26th Sep : बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ मूल के बिहार के सभी जिलों के शिक्षक प्रतिनिधियों की आपात बैठक रविवार को पटना स्थित केदार भवन में हुई. बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष पूरण कुमार ने की, जबकि संचालन प्रदेश महासचिव सह औरंगाबाद जिलाध्यक्ष जयंत सिंह ने किया.
आपके शहर में
26 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर धरना
बैठक में सरकार की दोरंगी नीति के विरोध सहित नियोजित शिक्षकों को नियमावली 2020 के तहत मिलने वाले सभी लाभ शीघ्र लागू करने की मांग पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 26 सितंबर को बिहार के सभी जिला मुख्यालयों में नियोजित शिक्षक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देंगे.
प्रोन्नति और पुरानी पेंशन की मांग
बैठक में कालबद्ध प्रोन्नति, स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति, प्रधानाध्यापक के पद पर प्रोन्नति तथा पुरानी पेंशन योजना लागू करने सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई. इस दौरान सभी शिक्षक प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे और सरकार से नियोजित शिक्षकों की लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की.
सड़क से सदन तक आंदोलन की चेतावनी
जिलाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह ने कहा कि बिहार सरकार यदि समय रहते नियोजित शिक्षकों की सभी मांगों को पूरा नहीं करती है, तो राज्य के लाखों शिक्षक सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की सौतेली नीति को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
सेवा के अंतिम पड़ाव पर भेदभाव मंजूर नहीं
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता हैं और पिछले करीब 20 वर्षों से पूरी लगन और मेहनत के साथ बिहार के विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में योगदान दे रहे हैं. ऐसे में सेवा के अंतिम पड़ाव और सेवानिवृत्ति के समय शिक्षकों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा. सरकार ने समय रहते मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में सड़क पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश सचिव पंकज कुमार, रजनीश कुमार, उपाध्यक्ष रणधीर कुमार, रज्जा उल्लाह, हीरालाल, जाहिर, प्रदेश कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, कैसर नवाब अंसारी, राजीव यादव, सुजीत कुमार, शिवाजी, निर्भय कुमार, सुरेंद्र प्रसाद, अरविंद कुमार, चितरंजन कुमार सहित अन्य शिक्षक प्रतिनिधि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए