हडियाही सिंचाई परियोजना को लेकर डिप्टी सीएम से मिले पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह, जल्द पूरा करने की उठी मांग

Updated:
विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद की हडियाही सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा कराने की मांग तेज हो गई है. पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर मुआवजा विवाद और परियोजना की स्थिति पर चर्चा की.

विज्ञापन

Aurangabad News: बिहार और झारखंड की महत्वाकांक्षी हडियाही सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है. औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी से मुलाकात कर वर्षों से लंबित इस परियोजना की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया और इसके शीघ्र निष्पादन की मांग की.

आपके शहर में

विज्ञापन

परियोजना पूरी होने से हजारों किसानों को मिलेगा लाभ

पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने बताया कि हडियाही सिंचाई परियोजना पूरी होने के बाद बिहार और झारखंड के हजारों हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई की सुविधा मिलेगी. इससे किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, खेती की लागत कम होगी और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा. उन्होंने कहा कि यह परियोजना दोनों राज्यों के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

मुआवजा विवाद के कारण रुका जलाशय में पानी का संचयन

पूर्व सांसद ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि विस्थापित किसान मुआवजे की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं. किसानों ने डैम के फाटक को ऊपर उठाकर वेल्डिंग कर दी है, जिसके कारण जलाशय में पानी का संचयन नहीं हो पा रहा है. इससे परियोजना का मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है और किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.

झारखंड सरकार से समन्वय की उठाई मांग

सुशील कुमार सिंह ने डिप्टी सीएम से आग्रह किया कि झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर विस्थापित किसानों के मुआवजे से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि वर्षों से लंबित परियोजना को जल्द पूरा किया जा सके.

डिप्टी सीएम ने दिया कार्रवाई का भरोसा

उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मामले को गंभीर बताते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर मुआवजा विवाद का समाधान कराया जाएगा और परियोजना के शेष कार्यों को जल्द पूरा करने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.

कुटुंबा विधायक ललन राम ने भी सौंपा ज्ञापन

कुटुंबा विधायक ललन राम ने भी जल संसाधन विभाग के सचिव से मुलाकात कर हडियाही सिंचाई परियोजना को जल्द पूरा कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि कम बारिश होने पर क्षेत्र के किसानों को सूखे जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है, जिससे फसलें प्रभावित होती हैं और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है.

उन्होंने विभाग से आग्रह किया कि झारखंड सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द पूरा कराया जाए, ताकि किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिल सके और कृषि उत्पादन में वृद्धि हो.

इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के तमसी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 25 फीट गहरी नहर में पलटी स्कूली वैन, 14 बच्चे जख्मी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन