औरंगाबाद में रक्षाबंधन पर राजद कार्यकर्ताओं ने पौधों को बांधी राखी, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
पौधे को राखी बांधते राजद कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
Aurangabad News : औरंगाबाद में राजद कार्यकर्ताओं ने रक्षाबंधन पर पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश दिया और वृक्षों की सुरक्षा का संकल्प लिया.
Aurangabad News : रक्षाबंधन के अवसर पर राजद सांसद अभय कुशवाहा के कार्यालय में राजद कार्यकर्ताओं की ओर से अनोखे अंदाज में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यकर्ताओं ने पौधों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प लिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश ही नहीं, पूरी दुनिया में पर्यावरण की बिगड़ती स्थिति चिंता का विषय है. ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि अधिक से अधिक पौधे लगाये, वृक्षों की रक्षा करे और प्राकृतिक संपदा के साथ हो रही छेड़छाड़ को रोके. पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षों का संरक्षण जरूरी है.
आपके शहर में
बाढ़ और सूखे की स्थिति पर्यावरण असंतुलन का परिणाम
कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे की स्थिति देखने को मिल रही है. यह पर्यावरण असंतुलन के गंभीर परिणामों में से एक है. लगातार पेड़ों की कटाई और प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. इसी को ध्यान में रखते हुए पौधों को राखी बांधकर उनकी रक्षा करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया गया.
पौधों को भाई की तरह सुरक्षित रखने का लिया संकल्प
कार्यकर्ताओं ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है. जिस तरह भाई अपनी बहन की रक्षा का संकल्प लेता है, उसी तरह पौधों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने के लिए जागरूक किया गया.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में राजद जिला प्रवक्ता डॉ. रमेश यादव, उदय उज्जवल, जिला पार्षद अनिल यादव, राजेश गुप्ता, बाल्मीकि मेहता, कुणाल कुमार, राजेश कुमार शर्मा, संजय यादव, विकास कुमार, रवि मेहता, लव कुश कुमार, अमरजीत कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : नवादा के नियोजन मेले में 350 युवाओं का चयन, 22 निजी कंपनियों ने दिया रोजगार का अवसर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए