औरंंगाबाद में काम से लौटने के दौरान नाले में पैर फिसलकर डूबने से व्यक्ति की मौत , घर के पीछे मिला शव
मृतक की फाइल फोटो
औरंगाबाद के कंचन बिगहा-अतरौली गांव में एक मजदूर का शव घर के पीछे नाले से बरामद हुआ है. पैर फिसलने से नाले में गिरकर डूबने की आशंका है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Aurangabad News : ओबरा प्रखंड के रतनपुर पंचायत अंतर्गत कंचन बिगहा-अतरौली गांव में बुधवार सुबह एक मजदूर का शव घर के पीछे स्थित नाले से बरामद होने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान कारू भुईंया के 41 वर्षीय पुत्र जितन भुईंया के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, मंगलवार देर शाम मजदूरी कर घर लौटने के दौरान पैर फिसलने से नाले में गिर जाने और डूबने से उसकी मौत होने की आशंका है.
रातभर होती रही तलाश, सुबह नाले में मिला शव
बताया गया कि मंगलवार देर शाम तक जितन भुईंया घर नहीं लौटा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. रातभर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. बुधवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए घर के पीछे गए तो जलकुंभी के बीच एक पैर दिखाई दिया. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. नाले में शव मिलने की पुष्टि होते ही पूरे गांव में मातम पसर गया.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
घटना के बाद मृतक की पत्नी मेतरी देवी, मां झकसी देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मृतक अपने पीछे दो पुत्र और दो पुत्रियां छोड़ गया है. ग्रामीणों के अनुसार, एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह हो चुका था, जबकि एक पुत्र और एक पुत्री का विवाह होना बाकी है. मजदूरी ही परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन थी. ऐसे में जितन भुईंया की असामयिक मौत से परिवार गहरे आर्थिक संकट में आ गया है. ग्रामीणों ने बताया कि वह मेहनती और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार एवं अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
मुआवजे की उठी मांग
घटना के बाद पंचायत समिति सदस्य ओमप्रकाश यादव, सरपंच प्रतिनिधि संतोष कुमार शर्मा, मो. मुश्ताक, अरविंद भुईंया, पंजाबी भुईंया, सुनील पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी. ग्रामीणों ने सरकार से नियमानुसार आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की.
ALSO READ: NEET री-एग्जाम फर्जीवाड़ा में होगा नया खुलासा, आरोपियों से पूछे जाने वाले सवाल तैयार, मिली रिमांड
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए