औरंगाबाद में विद्यार्थियों के लिए नई पहल, 1100 पर दर्ज कराएं शिकायत, 30 दिनों में होगा समाधान

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम का उद्घाटन करते डीएम, एसपी और प्राचार्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

औरंगाबाद के सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज में डीएम अभिलाषा शर्मा और एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया. अब छात्र अपनी शैक्षणिक और संस्थागत समस्याएं हर महीने के चौथे मंगलवार को शिविर के अलावा टोल फ्री नंबर 1100 के माध्यम से भी दर्ज करा सकेंगे, जिनके समाधान के लिए 30 दिन की सीमा तय की गई है.

विज्ञापन

Aurangabad News : विद्यार्थियों की शैक्षणिक, प्रशासनिक और संस्थागत समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष पहल की गई है. अब जिले के विद्यार्थी अपनी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे जिला प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे.

विज्ञापन

इसके लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का आयोजन किया जाएगा. प्रशासन की ओर से यह तय किया गया है कि शिविर में प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों का समाधान अधिकतम 30 दिनों की निर्धारित समय-सीमा के भीतर कर दिया जाएगा.

इसी कड़ी में मंगलवार को शहर के सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद में जिला पदाधिकारी (डीएम) अभिलाषा शर्मा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) उपेंद्रनाथ वर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में एक भव्य विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. राज्य सरकार के 'सात निश्चय-3' के तहत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के मुख्य लक्ष्य को लेकर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए उनके महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना है.

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ हुई. इसके बाद डीएम, एसपी और कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर मिश्रा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का औपचारिक उद्घाटन किया. इस दौरान कॉलेज की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया, जबकि प्राचार्य ने सभी आगंतुक अतिथियों को पौधा और शॉल भेंट कर उनका स्वागत व सम्मान किया.

कक्षा से लेकर छात्रावास तक की समस्याएं रख सकेंगे विद्यार्थी

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी सहयोग शिविर विद्यार्थियों की समस्याओं को सुनने, उन्हें समझने और उनके समाधान के साथ-साथ उनके सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाने का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है. सरकार की स्पष्ट मंशा है कि विद्यार्थियों को अपनी बात सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का एक सरल, सुगम और सशक्त अवसर मिलना चाहिए.

Also Read : औरंगाबाद के पिपरा पंचायत की बड़ी उपलब्धि, विजय कुमार सिंह को मिला ‘श्रेष्ठ मुखिया ऑफ द ईयर-2026’ सम्मान

डीएम ने बताया कि विद्यार्थी इस शिविर में समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होने, शिक्षकों की अनुपस्थिति, परीक्षा और परीक्षाफल (रिजल्ट) जारी होने में देरी, महाविद्यालयों में अनधिकृत शुल्क वसूली, बिजली की समस्या, बैठने की उचित व्यवस्था, प्रयोगशाला, पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई से जुड़ी अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं. इसके अलावा छात्रावास, निजी कोचिंग संस्थानों और विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ अपनी व्यक्तिगत शैक्षणिक समस्याएं एवं सुझाव भी रखे जा सकते हैं.

टोल फ्री नंबर 1100 पर भी दर्ज करा सकेंगे शिकायतें

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई छात्र सीधे शिविर में आने में असमर्थ है, तो वह टोल फ्री नंबर 1100 और आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी अपनी शिकायतें आसानी से दर्ज करा सकता है. शिकायतों के समाधान के लिए 30 दिनों की समय-सीमा तय की गई है और प्रशासन का पूरा प्रयास रहेगा कि समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाए.

उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि विद्यार्थियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों और सुझावों की गोपनीयता का पूरा ध्यान रखा जाएगा, ताकि वे बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात खुलकर रख सकें. पुलिस या विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या पर भी संबंधित पुलिस स्तर से त्वरित कार्रवाई की जाएगी.

कार्यक्रम का उद्घाटन करते डीएम, एसपी और प्राचार्य  कार्यक्रम में शामिल लोग | Prabhat Khabar Network
कार्यक्रम में शामिल लोग

डीएम ने की वन-टू-वन संवाद की अपील

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने विद्यार्थियों से 'वन-टू-वन' संवाद स्थापित कर अपनी समस्याएं और उपयोगी सुझाव खुलकर साझा करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बहुमूल्य सुझावों से महाविद्यालयों, छात्रावासों और संपूर्ण शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार लाया जा सकता है. शिक्षा किसी भी समाज की मजबूत आधारशिला होती है और विद्यार्थियों की छोटी-सी-छोटी समस्या का समाधान भी उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.

इस अवसर पर सदर एसडीओ गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर सिंह सहित कॉलेज के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन