औरंगाबाद: पुरानी पेंशन की मांग को लेकर कर्मचारियों ने मनाया काला दिवस, काली पट्टी बांधकर जताया विरोध

Updated:
विज्ञापन

काली पट्टी बांध कर विरोध जताते कर्मचारी

नई पेंशन व्यवस्था (NPS) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने की मांग को लेकर मंगलवार को अराजपत्रित कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया. उन्होंने काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया.

विज्ञापन

Aurangabad pension protest: नई पेंशन व्यवस्था (एनपीएस) को समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को अराजपत्रित कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया. गोपगुट के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम के तहत समाहरणालय समेत विभिन्न सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर सरकार के प्रति विरोध दर्ज कराया. कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें केवल पेंशन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके भविष्य और सामाजिक सुरक्षा से भी जुड़ी हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं कर्मचारी

कर्मचारियों ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था में सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन को लेकर असुरक्षा की भावना बनी हुई है. वर्षों तक सरकारी सेवा करने के बाद कर्मचारियों को सम्मानजनक और सुनिश्चित पेंशन मिलना उनका अधिकार है. इसी मांग को लेकर मंगलवार को काला दिवस मनाकर कर्मचारियों ने अपनी आवाज बुलंद की.

एनपीएस समाप्त कर ओपीएस बहाल करने की मांग

अध्यक्ष भगवान पासवान ने कहा कि कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग एनपीएस को पूरी तरह समाप्त कर पुरानी पेंशन योजना को बहाल करना है. उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने भविष्य की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. सरकार को कर्मचारियों की भावनाओं को समझते हुए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की दिशा में सकारात्मक पहल करनी चाहिए.

सचिव योगेंद्र कुमार ने कहा कि कर्मचारी वर्षों तक पूरी निष्ठा और ईमानदारी से सरकारी दायित्वों का निर्वहन करते हैं. ऐसे में सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन के लिए सुनिश्चित पेंशन जरूरी है. एनपीएस से कर्मचारियों को भविष्य की आर्थिक सुरक्षा को लेकर कई तरह की चिंताएं बनी रहती हैं.

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी

संरक्षक नेयाज अहमद ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है. काला दिवस मनाने का उद्देश्य सरकार तक कर्मचारियों की सामूहिक भावना पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों को न्यायपूर्ण पेंशन व्यवस्था नहीं मिलती, आंदोलन जारी रहेगा.

कोषाध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि पेंशन कर्मचारियों की मेहनत और लंबे सेवाकाल के बाद मिलने वाला अधिकार है. कर्मचारियों के भविष्य के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए. उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपनी मांगों को लेकर एकजुट रहने की अपील की.

इस दौरान सतीश कुमार, रवि कुमार, हिमांशु सिंह, पवन कुमार, मूंगा देवी, संजय कुमार समेत समाहरणालय के सभी कर्मियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया. कर्मचारियों ने कहा कि एनपीएस समाप्त कर ओपीएस लागू करने, पेंशन को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने और कर्मचारियों के भविष्य के साथ न्याय करने की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन