औरंगाबाद में ड्रग सीजर 78% बढ़ा, स्कूल-कॉलेजों के 500 मीटर दायरे में नशे की बिक्री रोकने के निर्देश

विज्ञापन

बैठक में शामिल पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

बिहार में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर नकेल कसने की तैयारी. ड्रग सीजर में 78% की बढ़ोतरी के साथ, स्कूलों और कॉलेजों के 500 मीटर के दायरे में नशे की बिक्री पर सख्त रोक के निर्देश दिए गए हैं. नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है.

विज्ञापन

Aurangabad Drug Seizure : बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आठवीं एनकॉर्ड स्टेट लेवल मीटिंग आयोजित की गई. बैठक में राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक शामिल हुए. औरंगाबाद जिले से जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने बैठक में भाग लिया.

विज्ञापन

बैठक में राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई. बताया गया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2026 में ड्रग सीजर में पिछले वर्षों की तुलना में लगभग 78 प्रतिशत की वृद्धि हुई है.

जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनष्टीकरण और गोदामों के संयुक्त निरीक्षण के निर्देश

मुख्य सचिव ने बिहार को नार्कोटिक्स मुक्त राज्य बनाने की दिशा में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार शीघ्र एवं निरंतर विनष्टीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थों के लगातार विनष्टीकरण से नारकोटिक्स के गोदामों में पर्याप्त जगह उपलब्ध रहेगी.

इसके लिए प्रत्येक माह के तीसरे सप्ताह में विनष्टीकरण की प्रक्रिया निर्धारित करने तथा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा नारकोटिक्स के गोदामों का संयुक्त निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया.

बैठक में स्टेट नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा तैयार एसओपी का सभी संबंधित पदाधिकारियों को अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया.

मानस पोर्टल के 80 मामलों का निष्पादन

इसके साथ ही मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं इसकी रोकथाम को लेकर प्रत्येक जिले में नियमित जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. मानस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के त्वरित निष्पादन की भी समीक्षा की गई.

औरंगाबाद जिले में प्राप्त 83 मामलों में से 80 मामलों पर कार्रवाई की जा चुकी है. वहीं, शेष तीन लंबित मामलों का भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

स्कूल-कॉलेजों के 500 मीटर के दायरे में खरीद-बिक्री पर रोक और पेट्रोलिंग पर जोर

बैठक में शैक्षणिक संस्थानों के 500 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में नियमित पेट्रोलिंग एवं प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया.

पंचायती राज संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से चलेगा जागरूकता अभियान

मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे जागरूकता अभियान में पंचायती राज संस्थाओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को भी कहा गया. इसके माध्यम से ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर तक मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव और बचाव को लेकर व्यापक जागरूकता पहुंचाने पर जोर दिया गया.

बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई, प्रभावी निगरानी एवं जन-जागरूकता के माध्यम से बिहार को नार्कोटिक्स मुक्त राज्य बनाने की दिशा में सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के समन्वित प्रयास पर बल दिया गया.

बैठक में वरीय उप समाहर्ता श्वेता प्रियदर्शी, एक्साइज सुपरिंटेंडेंट, औषधि निरीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन