औरंगाबाद : जर्जर मेंह पुल पर भारी वाहनों की नो-एंट्री, सड़क पर लगाया गया हाइट बैरियर
बारुण-नवीनगर मार्ग पर स्थित जर्जर मेंह पुल को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन ने भारी वाहनों पर रोक लगाते हुए मजबूत हाइट बैरियर स्थापित कर दिया है।
बारुण-नवीनगर मुख्य मार्ग के 11वें किलोमीटर पर स्थित सोन उच्च स्तरीय नहर का मेंह पुल काफी जर्जर हालत में है. पुल को सुरक्षित रखने और संभावित हादसे को रोकने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. पथ निर्माण विभाग और जिला प्रशासन की पहल पर मेंह गांव के पास सड़क के दोनों ओर लोहे का हाइट बैरियर लगाया गया है. बैरियर लगने के बाद अब भारी मालवाहक वाहन, हाइवा और ओवरलोड डंपर इस रास्ते से नहीं गुजर सकेंगे. छोटे और हल्के वाहनों का परिचालन जारी रहेगा.
आपके शहर में
भारी वाहनों पर रोक के बाद भी हो रहा था परिचालन
सोन उच्च स्तरीय नहर पर बने मेंह पुल की जर्जर स्थिति को देखते हुए जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश से भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगायी गयी थी. भारी वाहनों के लिए नवीनगर-अंबा-चतरा वैकल्पिक मार्ग तय किया गया था. इसके बावजूद रात के समय कुछ भारी वाहन और ओवरलोड फ्लाई ऐश लदे डंपरों के पुल से गुजरने की सूचना मिल रही थी. इससे पुल पर हादसे का खतरा बना हुआ था. इसी को देखते हुए प्रशासन ने सड़क पर हाइट बैरियर लगाने का फैसला लिया.
छोटे वाहनों को राहत, भारी वाहनों के लिए रास्ता बंद
मेंह गांव के पास लगाया गया लोहे का बैरियर इस तरह बनाया गया है कि एंबुलेंस, कार, ऑटो, बाइक और छोटे वाणिज्यिक वाहन आसानी से गुजर सकें. वहीं, अधिक ऊंचाई वाले ट्रक, ट्रेलर और डंपर इसके नीचे से नहीं निकल सकेंगे. बैरियर के पास चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है. इससे वाहन चालकों को पुल की स्थिति और ऊंचाई की जानकारी मिल सकेगी. मौके पर पुलिस बल की तैनाती भी की गयी है.
हाइट बैरियर लगने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है. ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन के इस कदम से जर्जर मेंह पुल पर भारी वाहनों का दबाव कम होगा. इससे पुल को टूटने से बचाने में मदद मिलेगी और हादसे का खतरा भी कम होगा. वहीं, ओवरलोड वाहनों से उड़ने वाली राख और उनके शोर से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए