पटना में अतिक्रमण हटाने गयी टीम पर हमला, पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ा

Updated at : 05 Oct 2021 5:39 PM (IST)
विज्ञापन
पटना में अतिक्रमण हटाने गयी टीम पर हमला, पथराव, पुलिस ने लाठीचार्ज कर खदेड़ा

कंकड़बाग मलाही पकड़ी में अतिक्रमण हटाने गयी जिला व नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया और पथराव किया. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया और अतिक्रमण कर बना रखे झुग्गी-झोपड़ी व मकान को तोड़ दिया.

विज्ञापन

पटना. कंकड़बाग मलाही पकड़ी में अतिक्रमण हटाने गयी जिला व नगर निगम की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया और पथराव किया. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया और अतिक्रमण कर बना रखे झुग्गी-झोपड़ी व मकान को तोड़ दिया. पथराव व लाठीचार्ज के कारण पुलिसकर्मी व विरोध करने वाले लोगों को चोटें आयी है.

घायल लोगों में अनिता देवी, रोहित कुमार, जुली कुमार, गोलू कुमार, राजेंद्र पासवान शामिल हैं. इसके अलावे चंदन का सिर फट गया है. इस दौरान उस इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम रहा. इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है. अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए पुलिस की तैनाती कर दी गयी थी.

मेट्रो के लिए करायी गयी अतिक्रमित जमीन को खाली

पटना में अभी मेट्रो का निर्माण कार्य किया जा रहा है. मलाही पकड़ी में भी मेट्रो का निर्माण किया जाना है. लेकिन निर्धारित जगह पर लोगों ने अपनी झुग्गी-झोपड़ी बना कर अतिक्रमण कर रखा था. दो दिन पहले ही नगर निगम की ओर से जगह को खाली करने के लिए सूचना दी गयी थी. इसके बावजूद लोगों ने बात नहीं सुनी.

इसके बाद मंगलवार को जिला के मजिस्ट्रेट, नगर निगम के अधिकारी व काफी संख्या में पुलिस जवान पहुंचे और अतिक्रमण हटाने लगे. इस दौरान महिलाएं सामने आ गयी और अतिक्रमण हटाने का विरोध करने लगी. महिलाओं व पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक हुई. महिलाएं पीछे हटने को तैयार नहीं थी.

इसी बीच में पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया. जिसके कारण दो पुलिसकर्मियों को आंशिक रूप से चोटें आयी. पुलिस ने समझाने की कोशिश की लेकिन जब नहीं माने तो लाठीचार्ज कर सभी को खदेड़ दिया. इसमें लोगों को भी चोटें आयी है. लोगों ने कहा कि हमलोग यहां कई वर्षों से रह रहे हैं. सरकार द्वारा किसी प्रकार की सुविधा उपलब्ध नहीं करायी जाती है और समय-समय पर झोपड़ी को तोड़ कर गरीबों को परेशान किया जाता है.

महिलाएं खड़ी हो गयी थी जेसीबी के सामने

टीम ने जब जेसीबी को झुग्गी-झोपड़ी को तोड़ने के लिए जेसीबी को आगे बढ़ाया तो महिलाएं सामने आ गयी और विरोध शुरू कर दिया. उन लोगों ने अपने हाथ में डंडा उठा लिया और जेसीबी चालक से मारपीट पर उतारू हो गयी. हालांकि पुलिस ने उन महिलाओं को हटा दिया. इसके बाद करीब 20-25 झुग्गी-झोपड़ी को तोड़ कर जगह को खाली करा दिया गया.

Posted by Ashish Jha

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन