सर्पदंश से दैनिक अखबार के छायाकार की पत्नी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
उर्मीला देवी का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
मेहंदिया बाजार में कोबरा के डसने से दैनिक अखबार के छायाकार की पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
Arwal News : कलेर के मेहंदिया बाजार निवासी हिन्दी दैनिक के छायाकार सत्येन्द्र कुमार की पत्नी उर्मिला देवी (24) की सर्पदंश से मौत हो गयी. मंगलवार शाम इलाज के दौरान एम्स पटना में उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं पत्रकारों और स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर दौड़ गयी.
आपके शहर में
रात में सोने के दौरान कोबरा ने डसा
मिली जानकारी के अनुसार 19 अगस्त की रात उर्मिला देवी घर में सो रही थीं. इसी दौरान कोबरा सांप ने उन्हें डस लिया. सर्पदंश के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल अरवल ले गये, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एम्स पटना रेफर कर दिया.
12 दिन तक जिंदगी के लिए जूझती रहीं
एम्स पटना में चिकित्सकों की देखरेख में उर्मिला देवी का इलाज चल रहा था. चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन जहर पूरे शरीर में फैल जाने के कारण उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका. मंगलवार शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
पति और दो बच्चों को छोड़ गयीं उर्मिला
उर्मिला देवी अपने पीछे पति सत्येन्द्र कुमार और दो छोटे बच्चों को छोड़ गयी हैं. सत्येन्द्र कुमार क्षेत्र के जाने-माने छायाकार हैं और हिन्दी दैनिक समाचार पत्रों से जुड़े हुए हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में पत्रकार और स्थानीय लोग उनके घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं.
बरसात में बढ़ जाती हैं सर्पदंश की घटनाएं
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में घर के आसपास साफ-सफाई रखने और रात में जमीन पर सोने से बचने की जरूरत है. परिजनों ने बताया कि उर्मिला को रात में सोने के दौरान ही कोबरा ने डसा था.
आपदा सहायता राशि की मांग
घटना के बाद परिजनों ने प्रशासन से सर्पदंश से मौत पर मिलने वाली आपदा सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है. वहीं स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए