पैक्स चुनाव में बूथ बदलने की मांग पर गरमाया मामला, प्रत्याशी समाहरणालय पहुंचे

Updated:
विज्ञापन

ज्ञापन देने जाते पैक्स अध्यक्ष और सदस्य | Prabhat Khabar Network

अरवल के कुर्था प्रखंड में पैक्स चुनाव के दौरान बूथ बदलने को लेकर विवाद गहरा गया है। नाराज प्रत्याशियों ने प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए मतदान बहिष्कार की धमकी दी है।

विज्ञापन

Arwal News : अरवल के कुर्था प्रखंड की बारा पंचायत में पैक्स चुनाव को लेकर मंगलवार को समाहरणालय में दिनभर गहमागहमी रही. पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुबोध शर्मा अपने समर्थकों के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे और जिला पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मतदान केंद्र को पंचायत मुख्यालय में ही रखने की मांग की. प्रत्याशी और समर्थकों का कहना था कि पहले के कई चुनावों में पंचायत मुख्यालय में ही मतदान केंद्र बनाया जाता रहा है, लेकिन इस बार बूथ को पंचायत मुख्यालय से दूर नरही में निर्धारित कर दिया गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

डीएम ने टीम भेजकर कराया बूथ का निरीक्षण

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर मतदान केंद्र का निरीक्षण कराया. उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी संजीव कुमार समेत अन्य अधिकारियों ने बारा पंचायत पहुंचकर बूथ की स्थिति और विधि-व्यवस्था का जायजा लिया. टीम ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को सौंप दी.

हालांकि, निरीक्षण के बाद भी मतदान केंद्र में कोई बदलाव नहीं किया गया. नरही स्थित बूथ पर ही मतदान कराने का निर्णय बरकरार रखा गया.

पूर्व में मारपीट की घटनाओं का हवाला

प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने आरोप लगाया कि नरही स्थित मतदान केंद्र पर पूर्व में मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं. ऐसे में वहां मतदान कराने पर विधि-व्यवस्था को लेकर आशंका बनी हुई है. समर्थकों ने पंचायत मुख्यालय में बूथ बनाने की मांग करते हुए कहा कि इससे मतदान प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और सुचारू तरीके से करायी जा सकती है.

नामांकन वापसी की समय सीमा खत्म होने का आरोप

मंगलवार को नामांकन वापसी की अंतिम तिथि भी थी. प्रत्याशी के समर्थकों का कहना है कि वे नामांकन वापस लेने की मांग को लेकर समाहरणालय पहुंचे थे. लेकिन जांच के नाम पर मामले को टालते रहने के कारण निर्धारित समय सीमा समाप्त हो गयी और वे नामांकन वापस नहीं ले सके. इसे लेकर समर्थकों में प्रशासन के प्रति नाराजगी है.

समर्थकों ने उप विकास आयुक्त पर दूसरे पक्ष से मिलीभगत का आरोप भी लगाया है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

बूथ नहीं बदला तो मतदान बहिष्कार की चेतावनी

आक्रोशित प्रत्याशी और समर्थकों ने चेतावनी दी कि यदि मतदान केंद्र को पंचायत मुख्यालय में स्थानांतरित नहीं किया गया, तो बुधवार को सामूहिक रूप से मतदान का बहिष्कार किया जाएगा. प्रशासन के स्तर पर बूथ को लेकर अंतिम निर्णय फिलहाल नरही में ही मतदान कराने का है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन