जेल से जमानत पर छूटे युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी के घर से देसी कट्टा बरामद

मृतक की फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network
Bhojpur Murder Case : भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों ने दो माह पूर्व जेल से जमानत पर रिहा हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
Bhojpur Murder Case : भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया टिपुरा गांव में रविवार की शाम हथियारबंद बदमाशों ने दो माह पूर्व जेल से जमानत पर बाहर आए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक को काफी करीब से सर के पिछले हिस्से में चार गोलियां मारी गई हैं. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. इस घटना को लेकर गांव और आसपास के इलाके में सनसनी मच गई.
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है. वहीं, पुलिस ने आरोपी के घर छापेमारी कर एक देसी कट्टा बरामद किया है. हालांकि, इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. जानकारी के अनुसार, मृतक जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ सिंह का 35 वर्षीय पुत्र राजेश यादव है और वह पेशे से किसान था.
आरोपी के घर से कट्टा बरामद
मृतक के चाचा जोगिंदर यादव ने बताया कि वह अपनी मां की दवा कराने के लिए बाइक द्वारा अपने चाचा हुलास यादव के साथ कटेया गांव गया था. वापस लौटने के क्रम में कटेया टिपुरा गांव के समीप योगेंद्र यादव ने अपने अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे घेर लिया और ताबड़तोड़ चार गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी. वहीं, दूसरी तरफ मृतक के चाचा जोगिंदर यादव ने बताया कि गांव में एक-दो लोगों से उसका विवाद था, लेकिन आरोपी के साथ उसका कोई विवाद नहीं था.
उन्होंने योगेंद्र यादव सहित उसके साथ रहे अन्य लोगों पर अपने भतीजे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है. हालांकि, आरोपियों ने उसकी गोली मारकर हत्या क्यों की, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस के अनुसार, आरोपी योगेंद्र यादव के घर से एक देसी कट्टा बरामद किया गया है.
मृतक का रहा आपराधिक इतिहास
फिलहाल, सभी आरोपी मौके से फरार हो गए हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, मृतक का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ बिहिया, जगदीशपुर एवं बड़हरा थाना में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह दो माह पूर्व ही जेल से जमानत पर बाहर आया था.
बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था. उसके परिवार में मां फुलझारो देवी, पत्नी सीमा देवी एवं एक पुत्र आरुष है. इस वीभत्स घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी मां फुलझारो देवी, पत्नी सीमा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : आरा में ट्रांसफार्मर के पास कूड़ा फेंकने से आग और शॉर्ट सर्किट का बढ़ा खतरा, बिजली विभाग ने दी चेतावनी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










