भोजपुर : बाढ़ में भी नहीं थमेगी पढ़ाई, शाहपुर के त्रिदंडी देव कॉलेज में शुरू होंगी ऑनलाइन कक्षाएं
त्रिदंडी देव कॉलेज, शाहपुर
बाढ़ की गंभीर परिस्थितियों के बावजूद, शाहपुर के त्रिदंडी देव कॉलेज ने पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए, कॉलेज अब ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन करेगा.
Tridandi Dev College Bhojpur : बाढ़ की विषम परिस्थितियों के बीच विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अधीन आने वाले त्रिदंडी देव राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गौतम नगर, शाहपुर में अब ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन किया जाएगा.
आपके शहर में
करनामेपुर थाना से महाविद्यालय भवन तक बाढ़ का पानी पहुंच जाने के कारण सड़क मार्ग से आवागमन प्रभावित हो गया है. विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने फिलहाल ऑफलाइन कक्षाओं के स्थान पर ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई जारी रखने का निर्णय लिया है.
ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था और शिक्षकों की अनिवार्यता
महाविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी व्यवस्था के तहत सभी शिक्षक नियमित रूप से ऑनलाइन कक्षाओं का संचालन करेंगे. प्रतिदिन होने वाली कक्षाओं की जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को कक्षा के समय, विषय एवं अन्य आवश्यक जानकारी मिलती रहे. निर्धारित ऑनलाइन कक्षा का संचालन नहीं करने वाले शिक्षक की उस दिन की उपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी.
करनामेपुर पेट्रोल पंप के सामने से चलेगा अस्थायी कार्यालय
बाढ़ के कारण महाविद्यालय परिसर तक पहुंचने में हो रही परेशानी को देखते हुए प्रशासनिक कार्यों को भी वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जारी रखने का निर्णय लिया गया है. बाढ़ की स्थिति सामान्य होने तक महाविद्यालय का कार्यालय करनामेपुर पेट्रोल पंप के सामने अस्थायी रूप से संचालित किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों एवं आम लोगों से जुड़े आवश्यक प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन जारी रहेगा.
Also Read : भोजपुर में जाम से राहत के लिए SP ने संभाला मोर्चा, कोइलवर-सकड्डी समेत प्रमुख जगहों का लिया जायजा
कर्मचारियों की उपस्थिति और पानी घटने पर ऑफलाइन पढ़ाई का फैसला
महाविद्यालय के शिक्षकेतर कर्मचारियों की उपस्थिति दैनिक उपस्थिति पंजी के माध्यम से दर्ज की जाएगी. महाविद्यालय प्रशासन का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के कारण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को पूरी तरह ठप नहीं होने दिया जाएगा.
विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई की निरंतरता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है. महाविद्यालय प्रशासन के अनुसार बाढ़ का पानी कम होने और आवागमन सुरक्षित एवं सामान्य होने के बाद परिसर में पुनः ऑफलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी.
तब तक विद्यार्थियों को ऑनलाइन माध्यम से नियमित पढ़ाई करने की व्यवस्था रहेगी. प्रशासन ने छात्र-छात्राओं से ऑनलाइन कक्षाओं में नियमित रूप से शामिल होने तथा बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक रूप से जलमग्न मार्गों से आवागमन नहीं करने की अपील की है.
वीकेएसयू की 19वीं अंगीभूत इकाई है यह कॉलेज
श्री त्रिदंडी देव राजकीय डिग्री महाविद्यालय, गौतम नगर, शाहपुर, वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा की अंगीभूत इकाई है. विश्वविद्यालय के प्रमाण-पत्र के अनुसार महाविद्यालय की स्थापना 14 अप्रैल 2023 को हुई थी और यह विश्वविद्यालय की 19वीं अंगीभूत इकाई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए