आरा में रिक्शा चालक की मौत, परिजन ने अज्ञात वाहन की चपेट में आने की जतायी आशंका
परिजन का फोटो
शहर के धरहरा पुल पर एक रिक्शा चालक की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। चार दिनों से बीमार चल रहे मृतक के परिजन अज्ञात वाहन से दुर्घटना की आशंका जता रहे हैं।
Rickshaw Driver Death: शहर के टाउन थाना क्षेत्र के धरहरा पुल पर शनिवार की सुबह संदेहास्पद स्थिति में एक रिक्शा चालक की मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. मृतक की पहचान टाउन थाना क्षेत्र के रघु टोला लख नंबर-12 निवासी स्व. सोधन केवट के 40 वर्षीय पुत्र विनोद केवट के रूप में हुई है. वह रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था.
चार दिनों से खराब थी तबीयत
मृतक की भाभी सुनीता देवी ने बताया कि विनोद केवट की पिछले चार दिनों से तबीयत खराब थी. दो दिन पहले उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुक्रवार को उसे खाना खिलाने के बाद परिजन घर लौट गये थे. इसी बीच शनिवार की सुबह पुलिस ने परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी. जानकारी मिलने के बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे.
परिजन ने अज्ञात वाहन की चपेट में आने की कही बात
सुनीता देवी ने बताया कि विनोद की मौत अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हुई है. हालांकि, मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट या जख्म के निशान नहीं मिले हैं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस की ओर से तैयार मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट में मृतक की मौत बीमारी के कारण होने की आशंका जतायी गयी है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
बताया जाता है कि विनोद केवट तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके परिवार में पत्नी बेबी देवी, चार पुत्रियां प्रियंका, सोनी, प्रीति और सुरुचि तथा एक पुत्र करीमन है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी बेबी देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए