जगदीशपुर-भोजपुर की जर्जर सड़कों को लेकर आंदोलन, जीरो माइल पर 23 सितंबर को धरने का एलान

Updated:
विज्ञापन

कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते पूर्व विधायक भाई दिनेश | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पूर्व विधायक भाई दिनेश ने जर्जर सड़कों की मरम्मत को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के आगमन पर सड़कें दुरुस्त हो सकती हैं, तो आम जनता के लिए क्यों नहीं? इस मांग को लेकर 23 सितंबर को जीरो माइल पर धरना दिया जाएगा.

विज्ञापन

पूर्व विधायक भाई दिनेश ने कहा है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के जगदीशपुर आगमन को लेकर जब सड़कें दुरुस्त की जा सकती हैं, तो जिले के अन्य क्षेत्रों की जर्जर सड़कों की मरम्मत क्यों नहीं हो सकती. उन्होंने कहा कि इसी मांग को लेकर आगामी 23 सितंबर को आरा स्थित जीरो माइल के पास धरना दिया जायेगा.

विज्ञापन

उन्होंने कहा कि दावा पंचायत सहित जगदीशपुर एवं भोजपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर सड़क, गड्ढे, जलजमाव, धूल और जाम की समस्या से आम जनता लंबे समय से परेशान है. समस्या के समाधान को लेकर राजद कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों द्वारा लगातार धरना-प्रदर्शन, धान रोपनी कार्यक्रम और जन आंदोलन किये गये हैं.

लगातार अधिकारियों को दी गयी जानकारी

भाई दिनेश ने कहा कि उनके द्वारा भी जिलाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता और जगदीशपुर एसडीओ को पत्र भेजकर तथा दूरभाष के माध्यम से सड़कों की जर्जर स्थिति से अवगत कराया गया और स्थायी समाधान की मांग की गयी.

उन्होंने कहा कि लगातार जनदबाव और संघर्ष का परिणाम है कि दावा पंचायत की सड़क के गड्ढों को भरने का काम शुरू हुआ है. उन्होंने इसे जनता की एकजुटता और संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की मेहनत की जीत बताया. हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल गड्ढों को भर देना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है.

मुख्यमंत्री के लिए सड़क तैयार हो सकती है, तो आम जनता के लिए क्यों नहीं?

भाई दिनेश ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रात-दिन मेहनत कर सड़कें दुरुस्त की जा सकती हैं और साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं बेहतर की जा सकती हैं, तो वर्षों से आम जनता जिन जर्जर सड़कों, गड्ढों, जाम, जलजमाव और धूल की समस्या को झेल रही है, उसका स्थायी समाधान क्यों नहीं किया जा सकता.

उन्होंने कहा कि क्या सड़कें केवल मुख्यमंत्री या किसी वीआईपी के आगमन पर ही ठीक होनी चाहिए. लोकतंत्र में आम जनता भी सम्मानजनक और सुरक्षित आवागमन की हकदार है. मुख्यमंत्री का काफिला जिन सड़कों से गुजरता है, उन सड़कों से रोज हजारों आम नागरिक भी गुजरते हैं. इसलिए सड़क की मरम्मत और निर्माण किसी वीआईपी के आगमन को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि जनता की जरूरत के आधार पर होना चाहिए.

कई इलाकों में सड़क और जलजमाव की समस्या

उन्होंने कहा कि जगदीशपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या 11 एवं 12 में जलजमाव, जीरो माइल, तेतरिया के समीप, आरा शहर, करौरा-मठिया, बरनाव सहित कई क्षेत्रों में सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है. इन समस्याओं के कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, मरीजों और वाहन चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि गड्ढे भरना अस्थायी उपाय है. जनता को मजबूत, पक्की और वर्षभर चलने योग्य सड़क चाहिए. साथ ही जहां जलजमाव है, वहां जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था भी जरूरी है.

23 सितंबर को जीरो माइल पर धरना

भाई दिनेश ने कहा कि यदि जिला प्रशासन द्वारा प्रमुख सड़कों की स्थायी मरम्मत, पक्कीकरण एवं जलजमाव की समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 23 सितंबर 2026 को राजद आपदा प्रकोष्ठ, भोजपुर जिला की ओर से जीरो माइल पर धरना दिया जायेगा.

उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि जनता की बुनियादी सुविधा और सड़क के स्थायी समाधान के लिए होगा. जब तक सड़कों का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक राजद कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने इस जनसंघर्ष में लगातार सक्रिय भूमिका निभाने वाले भाई संतोष मिश्र, अरविंद यादव, कृष्ण राय, बीरबल पासवान, हिरदयानंद सिंह, नायक सिंह एवं मो. सलाहुद्दीन सहित सभी साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया.

वीकेएसयू में विश्व अल्जाइमर दिवस पर विशेष व्याख्यान, बीमारी के लक्षण व बचाव पर हुई चर्चा

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन