भोजपुर में सोन नदी का जलस्तर बढ़ा, इंद्रपुरी बराज के 69 गेट खुले; कोईलवर के दियारा में बाढ़ का खतरा
कोईलवर में सोन नद में बढ़ता जलस्तर | Prabhat Khabar Network
सोन नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से कोईलवर के दियारा इलाके में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है. इंद्रपुरी बराज से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने की अपील की है.
Koilwar Son River Flood : सोन नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से कोईलवर प्रखंड के दियारा इलाके में बाढ़ की आशंका बढ़ गयी है. मंगलवार की रात तक नदी के जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा. केंद्रीय जल आयोग के कोईलवर स्थित जलस्तर मापक केंद्र के अनुसार मंगलवार को कोईलवर में सोन नदी का जलस्तर 52.80 मीटर दर्ज किया गया.
आपके शहर में
नदी के जलस्तर में करीब तीन सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से वृद्धि हो रही है. हालांकि, वर्तमान जलस्तर अभी खतरे के निशान से करीब तीन मीटर नीचे है, लेकिन लगातार बढ़ते जलस्तर ने नदी किनारे बसे लोगों की चिंता बढ़ा दी है.
इंद्रपुरी बराज से छोड़ा गया 5.20 लाख क्यूसेक पानी
इधर, सोन नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र से लगातार पानी आने के कारण इंद्रपुरी बराज से भी भारी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है.
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मंगलवार शाम तीन बजे तक इंद्रपुरी बराज से करीब 5.20 लाख क्यूसेक पानी सोन नदी में डिस्चार्ज किया गया. बराज के सभी 69 गेट खोल दिये गये हैं. इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में और वृद्धि होने की संभावना जतायी जा रही है.
बिंदगावा और आसपास के इलाकों में अलर्ट
पानी का दबाव बढ़ने पर कोईलवर प्रखंड के बिंदगावा गांव सहित आसपास के दियारा इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने की आशंका है. नदी के किनारे बसे ग्रामीणों में इसे लेकर बेचैनी बढ़ गयी है. ग्रामीणों की नजर लगातार सोन नदी के जलस्तर पर बनी हुई है.
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को पानी बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए तैयार रहने की जरूरत है.
अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह का वक्तव्य और निगरानी
सोन नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है. कोईलवर के सीओ उदय प्रताप सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र बिंदगावा में सतर्कता को लेकर पंचायत के मुखिया से संपर्क किया गया है और स्थानीय स्तर पर लोगों को नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सतर्क रहने की अपील की गयी है. अधिकारियों के अनुसार दियारा क्षेत्र के निचले इलाकों में विशेष निगरानी की जा रही है तथा ग्रामीणों से अपील की गयी है कि वे नदी के किनारे अनावश्यक रूप से नहीं जाएं.

बराज के सभी 69 गेट खुलने से जलस्तर बढ़ने के आसार
इंद्रपुरी बराज के सभी 69 गेट खोले जाने के बाद सोन नदी में पानी का प्रवाह काफी बढ़ गया है. मंगलवार शाम तीन बजे तक 5.20 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किये जाने से आने वाले घंटों में कोईलवर में जलस्तर पर इसका असर पड़ने की संभावना है.
ऐसे में बिंदगावा समेत सोन के दियारा क्षेत्र के लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. प्रशासन ने भी जलस्तर में होने वाले बदलाव पर नजर रखने के साथ ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए