आरा: वीर कुंवर सिंह मैदान में गणपति बप्पा की विधि-विधान से स्थापना, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
गणपति बप्पा की स्थापना करते श्रद्धालु
आरा के वीर कुंवर सिंह मैदान में गणेश चतुर्थी का 25वां महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की भोजपुर इकाई द्वारा आयोजित इस महोत्सव में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. 16 सितंबर को निकलेगी भव्य विसर्जन यात्रा.
Ganesh Chaturthi Festival: गणपति बप्पा मोरया के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंज रहा था. वीर कुंवर सिंह मैदान में भव्य दरबार सजा था. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की भोजपुर इकाई द्वारा आयोजित गणेश चतुर्थी महोत्सव की शुरुआत रमना मैदान स्थित हनुमान मंदिर के समीप गणपति बप्पा की विधि-विधान से स्थापना एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई. इस वर्ष यह आयोजन अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है. सुबह से ही आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया.
पूजा-अर्चना के दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से वीर कुंवर सिंह मैदान का माहौल भक्तिमय हो गया. महिलाओं, बच्चों और युवाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बप्पा के दर्शन किये और सुख-समृद्धि की कामना की.
25 वर्षों की परंपरा में जुड़ा एक और अध्याय
गणेश महोत्सव के 25वें वर्ष को लेकर आयोजकों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. शिवसेना यूबीटी भोजपुर इकाई का कहना है कि वर्षों से चला आ रहा यह आयोजन अब आरा की धार्मिक और सामाजिक परंपरा का हिस्सा बन चुका है.
इस अवसर पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) बिहार के प्रदेश प्रभारी विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि बप्पा का आरा की धरती पर आगमन हर वर्ष लोगों को एक साथ जोड़ता है. यह परंपरा हमारे लिए सिर्फ एक आयोजन नहीं, बल्कि आरा के लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ी है.
15 को विशेष पूजन, 16 को निकलेगी विसर्जन यात्रा
महोत्सव के तहत 15 सितंबर को सुबह 10 बजे विशेष पूजन किया जायेगा. वहीं, प्रतिदिन शाम 6 बजे मंगल आरती का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालु शामिल होकर गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे.
महोत्सव का समापन 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे भव्य विसर्जन यात्रा के साथ होगा. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से विसर्जन यात्रा के दौरान भी शांति एवं अनुशासन बनाये रखने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए