आरा : 18 सितंबर तक गिरफ्तारी नहीं तो बंद रहेगा गड़हनी, जफी हत्याकांड पर भाई दिनेश का अल्टीमेटम
कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करते पूर्व विधायक भाई दिनेश
Arrah Md. Zafi Murder Case : नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले मो. जफी की हत्या के मामले में पूर्व विधायक भाई दिनेश ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने 18 सितंबर तक हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है, अन्यथा 19 सितंबर को गड़हनी बंद का ऐलान किया है.
Arrah Md. Zafi Murder Case : आरा में सूखा नशा के खिलाफ आवाज उठाने वाले मो. जफी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. पूर्व विधायक भाई दिनेश ने रविवार को गड़हनी पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और न्याय के लिए हरसंभव संघर्ष का भरोसा दिया. उन्होंने 18 सितंबर तक हत्यारों की गिरफ्तारी समेत कई मांगें पूरी नहीं होने पर 19 सितंबर को गड़हनी बंद कराने की चेतावनी दी है.
मो. जफी के परिजनों से मिले भाई दिनेश
पूर्व विधायक जगदीशपुर भाई दिनेश ने रविवार को गड़हनी का दौरा कर मो. जफी के पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का आश्वासन दिया. भाई दिनेश ने कहा कि मो. जफी ने सूखा नशा के खिलाफ आवाज उठाते हुए समाज को बचाने के लिए अपनी जान की कुर्बानी दी है.
नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को डराने की कोशिश बताया
भाई दिनेश ने कहा कि मो. जफी की हत्या केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं है, बल्कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले पूरे समाज को डराने की कोशिश है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामले में पुलिस प्रशासन को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए.
18 सितंबर तक गिरफ्तारी की रखी मांग
भाई दिनेश ने कहा कि 18 सितंबर तक मो. जफी के हत्यारों की गिरफ्तारी, मामले का स्पीडी ट्रायल, पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 19 सितंबर को गड़हनी बंद किया जाएगा.
मांग पूरी नहीं हुई तो भोजपुर बंद कराने की चेतावनी
भाई दिनेश ने आगे कहा कि गड़हनी बंद के बाद भी यदि सरकार और पुलिस प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो पूरे भोजपुर को बंद कराने के लिए आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की.
चरपोखरी थाने की भूमिका पर उठाए सवाल
भाई दिनेश ने प्रारंभिक स्तर पर घटना की गंभीरता को समझने और समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने में चरपोखरी थाना प्रभारी की लापरवाही का आरोप लगाया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में डीआईजी डिहरी से बात कर चरपोखरी थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की गयी है.
थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग
उन्होंने कहा कि केवल चौकीदार और एसआई को निलंबित करना पर्याप्त नहीं है. घटना के प्रति लापरवाही के लिए जिम्मेदार पदाधिकारी की भी जवाबदेही तय होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी छोटे कर्मचारी पर कार्रवाई कर बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए.
15 सितंबर को कैंडिल मार्च का निर्णय
भाई दिनेश ने बताया कि सोनू कुमार, राजद प्रखंड अध्यक्ष की अध्यक्षता में हुई बैठक में आंदोलन को लेकर निर्णय लिया गया. इसके तहत 15 सितंबर को कैंडिल मार्च और 19 सितंबर को गड़हनी बंद का कार्यक्रम तय किया गया है.
बैठक में कई नेता और ग्रामीण रहे मौजूद
बैठक में गड़हनी प्रखंड प्रमुख विनोद यादव, राजद नेता भिखारी राम, बबन मंडल, चरपोखरी राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह, लाल बाबू सिंह, अरुण यादव, पिंटू सिंह, मो. नूर आलम, उपेंद्र सिंह, मनोरंजन यादव, जोगेंद्र महतो, संतोष शर्मा, डॉ. सुनील कुमार, मुन्ना यादव, मोहम्मद सोनू, डब्लू मियां, मोहम्मद रमीज सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे.
Also Read : आरा: वीर कुंवर सिंह मैदान में गणपति बप्पा की विधि-विधान से स्थापना, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए