पीएम मोदी के जन्मदिन पर आरा में 11 जगहों पर जलेगा दीया, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
कार्यक्रम की तैयारी को लेकर भाजपा की बैठक
Arrah PM Modi Birthday Deepotsav : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान शुरू कर रही है. इस अभियान के तहत, जिले के 11 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर 'आशीर्वाद का दीया' जलाकर पीएम मोदी की दीर्घायु की कामना की जाएगी.
Arrah PM Modi Birthday Deepotsav : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से भारतीय जनता पार्टी सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी. यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा. इसके तहत बूथ से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक 13 प्रकार के अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर भाजपा की बैठक जिलाध्यक्ष दुर्गा राज की अध्यक्षता में हुई.
11 सार्वजनिक स्थानों पर होगा दीपोत्सव
जिलाध्यक्ष दुर्गा राज ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम से होगी. 17 सितंबर की शाम सात बजे आरा समेत जिले के 11 प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर दीपोत्सव का आयोजन किया जायेगा. इन स्थानों पर जनप्रतिनिधि, भाजपा नेता, कार्यकर्ता और आम लोग दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करेंगे.
आरा रेलवे स्टेशन से जगदीशपुर किला तक प्रमुख स्थान शामिल
दीपोत्सव के लिए आरा रेलवे स्टेशन, विश्वविद्यालय परिसर, वीर कुंवर सिंह पार्क, आरा-मोहनिया फोरलेन, भाजपा जिला कार्यालय, पीरो स्टेशन, बिहिया स्टेशन, वीर कुंवर सिंह गंगा पुल, जगदीशपुर किला और अगिआंव समेत 11 महत्वपूर्ण स्थानों का चयन किया गया है. पार्टी कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की जिम्मेदारी दी गयी है.
घरों में भी जलाया जायेगा 'आशीर्वाद का दीया'
भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक पार्टी के कार्यकर्ता और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी भी अपने-अपने घरों पर 'आशीर्वाद का दीया' जलायेंगे. इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीष और जन्मदिन की शुभकामनाएं दी जायेंगी.
बूथ से राष्ट्रीय स्तर तक होंगे 13 कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान के दौरान 13 अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. पार्टी की योजना के अनुसार इन कार्यक्रमों को बूथ स्तर से लेकर जिला और राष्ट्रीय स्तर तक संचालित किया जायेगा. बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा और तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों के बीच चर्चा की गयी.
बैठक में पार्टी के कई पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक का संचालन महामंत्री संतोष चंद्रवंशी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री नरेंद्र तिवारी ने किया. बैठक में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सीडी शर्मा और अशोक शर्मा, जिला उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह, सूर्यकांत पांडेय, राजकुमार कुशवाहा, ज्योति प्रकाश कुशवाहा, निशांत कुमार, मीडिया प्रमुख संजय कुमार सिंह, जिला मंत्री प्रतीक राज, कोषाध्यक्ष सुनील कुमार, कार्यालय प्रभारी सुनील श्रीवास्तव समेत कई पदाधिकारी, कार्यक्रम संयोजक और सह संयोजक मौजूद रहे.
Also Read : आरा : 18 सितंबर तक गिरफ्तारी नहीं तो बंद रहेगा गड़हनी, जफी हत्याकांड पर भाई दिनेश का अल्टीमेटम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए