भोजपुर DM के सामने खुली सरकारी अस्पताल की पोल, दंत चिकित्सक की शिकायत पर मौके से CS को किया फोन

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
भोजपुर जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. मरीजों की सीधी शिकायत पर डीएम ने सिविल सर्जन को फटकार लगाई है. जानिए क्या है पूरा मामला.
Bhojpur News : भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया ने मंगलवार को कोईलवर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया. करीब एक घंटे तक अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के दौरान उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत की. दंत चिकित्सक की नियमित अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर डीएम ने मौके से ही सिविल सर्जन को फोन कर कड़ी फटकार लगाई और बुधवार से हर हाल में नियमित दंत ओपीडी संचालित कराने का निर्देश दिया.
Arrah News : निबंधन काउंटर से इमरजेंसी वार्ड तक की जांच
निरीक्षण की शुरुआत डीएम ने निबंधन काउंटर से की. इसके बाद उन्होंने दवा वितरण काउंटर, ओपीडी, इमरजेंसी वार्ड समेत अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया. उन्होंने मरीजों से दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं, डॉक्टरों के व्यवहार और इलाज की गुणवत्ता को लेकर विस्तार से जानकारी ली. साथ ही यह भी पूछा कि मरीज पहली बार इलाज कराने आए हैं या पहले भी अस्पताल की सेवाओं का लाभ ले चुके हैं.
अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं मिलने पर पूछा कारण
निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या तीन के निवासी अनिकेत मिश्रा ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने की शिकायत की. इस पर जिलाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह से जवाब मांगा. प्रभारी ने बताया कि टेक्नीशियन की कमी के कारण अब तक सेवा शुरू नहीं हो सकी है. डीएम ने आश्वासन दिया कि मॉडल सीएचसी में जल्द ही अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू कराई जाएगी, ताकि मरीजों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़े.
दंत चिकित्सक की शिकायत पर डीएम का सख्त रुख
रियाज, मुन्ना और अश्फारुल समेत कई मरीजों ने बताया कि अस्पताल में दंत चिकित्सक की तैनाती होने के बावजूद वे नियमित रूप से नहीं आती हैं, जिससे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती है. शिकायत मिलते ही डीएम ने मौके से सिविल सर्जन को फोन किया और बुधवार से नियमित दंत ओपीडी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी अस्पतालों में सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. उमेश कुमार सिंह, बीडीओ वीर बहादुर पाठक, सीओ प्रियंका कुमारी, थानाध्यक्ष नरोतमचन्द्र, आरओ राजभूषण सिंह सहित कई प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : आरा में बाइक–ई-रिक्शा की टक्कर: चालक की मौत, 3 घायल; शादी से लौट रहे थे घर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










