‘मेरे से अब नहीं हो रहा, मैं एग्जाम नहीं दे पाऊंगी’, CBSE की छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा- मम्मी-डैडी अपना ध्यान रखिएगा
छात्रा और उसके सुसाइड नोट की तस्वीर
Bihar News: सीबीएसई की इंटर की छात्रा ने पंखे से लटककर सुसाइड कर लिया. आज उसका फिजिक्स का पेपर था. छात्रा की पहचान 18 साल की अनन्या कुमारी के रूप में हुई है जो कि आरा की रहने वाली थी. सुसाइड नोट में छात्रा ने लिखा, मेरे से अब नहीं हो रहा, मैं एग्जाम नहीं दे पाऊंगी.
Bihar News: ‘मेरे से अब नहीं हो रहा है, मैं एग्जाम नहीं दे पाऊंगी, मेरी तबीयत हमेशा ही खराब रहती है. यह सब मेरी गलती है, मेरी वजह से मेरे परिवार वाले परेशान हैं.’ यह बात आरा में सीबीएसई की इंटर की छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में लिखी. छात्रा की पहचान रेलवे कर्मचारी सतीश कुमार पांडेय की 18 साल की बेटी अनन्या कुमारी के रूप में हुई है.
आपके शहर में
सुसाइड नोट में छात्रा ने और क्या लिखा?
यह पूरा मामला आरा के नवादा थाना इलाके के क्लब रोड मोहल्ले से जुड़ा है. छात्रा ने सुसाइड नोट में आगे यह भी लिखा कि बहुत हो गया, अब और नहीं, मैं जा रही हूं. किसी के चलते नहीं, खुद से जा रही हूं. मम्मी-डैडी अपना ध्यान रखिएगा. दीदी, अंश, तुम भी अपना ध्यान रखना… बाय अनन्या/गौरी. जानकारी के मुताबिक, छात्रा का आज फिजिक्स का पेपर था.
छात्रा के परिजनों ने क्या-क्या बताया?
छात्रा के परिजन ने बताया कि अनन्या इंटर की परीक्षा दे रही थी. आज वह फिजिक्स का एग्जाम देने वाली थी. कुछ दिन पहले उसे जॉन्डिस हो गया था और वह बीमार ही चल रही थी. गुरुवार की रात खाना खाने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई. इसके बाद देर रात ही उसने पंखे में दुपट्टा बांधकर सुसाइड कर लिया. परिजनों ने जब कमरे के अंदर झांका तो अनन्या की बॉडी फंदे से लटक रही थी.
घटना की छानबीन में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी नवादा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है. छात्रा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. इससे पहले पटना के मसौढ़ी से भी खबर आई थी, जहां बिहार बोर्ड मैट्रिक की छात्रा ने परीक्षा छूट जाने के कारण ट्रेन से कटकर खुदकुशी कर ली थी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए