ePaper

तनिष्क डकैती कांड का वांछित सूरज सारण में गिरफ्तार

Updated at : 23 Feb 2026 6:58 PM (IST)
विज्ञापन
तनिष्क डकैती कांड का वांछित सूरज सारण में गिरफ्तार

सूरज तिवारी के घर पर 17 फरवरी को नगर थाने की पुलिस ने चिपकाया था इश्तेहार कोर्ट के आदेश पर नगर थाने की पुलिस ने मंगलवार को की कार्रवाई

विज्ञापन

आरा.

सूबे के चर्चित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम डकैती कांड में वांछित सूरज तिवारी सारण में पुलिस के हत्थे चढ़ गया है. सारण के दाउदपुर थाने की पुलिस ने उसे शराब के मामले में गिरफ्तार किया है. अब आरा नगर थाने की पुलिस उसे तनिष्क डकैती कांड में रिमांड करने की तैयारी में जुट गयी है. उसे लेकर नगर थाने की पुलिस की ओर से न्यायालय में आवेदन भी दिया गया है.

केस में न्यायिक रिमांड मिलने के बाद पुलिस पूछताछ करने के लिए उसे रिमांड पर लेगी. भोजपुर पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज की ओर से इसकी पुष्टि की गयी है. वैशाली जिले के हाजीपुर के शक्तिनगर बाल दास मठ क्षेत्र निवासी सूरज तिवारी के घर पर इसी 17 फरवरी को आरा नगर थाने की पुलिस द्वारा इश्तेहार भी चिपकाया गया था. पुलिस उसके खिलाफ कुर्की की तैयारी में भी जुटी थी. इस बीच सारण जिले के दाउदपुर थाने की पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

सूरज तनिष्क शोरूम में डकैती के बाद सोना रिसीव करने और हड़पने में शामिल था :

पुलिस के अनुसार सूरज तिवारी तनिष्क शोरूम में डकैती के बाद सोना रिसीव करने और हड़पने में शामिल था. डकैती कांड के अनुसंधान और पूर्व में गिरफ्तार से पूछताछ में इसका नाम आया था. पुलिस के अनुसार सूरज तिवारी एक अन्य अपराधी के साथ तनिष्क डकैती का तीसरा झोला रिसीव करने में शामिल थे. उस मामले में सूरज तिवारी को हिस्से के रूप में सोना भी दिया गया था. उसके साथी को पुलिस पूर्व में ही गिरफ्तार कर चुकी है. हालांकि सूरज तिवारी फरार चल रहा था. उसके बाद से ही पुलिस उसकी गिरफ्तारी में जुटी थी. पुलिस के अनुसार इस चर्चित डकैती कांड में अबतक 25 अपराधियों को जेल भेज चुकी है. दो अपराधी मुठभेड़ में मारे भी जा चुके हैं. आधा से अधिक लूटा गया सोना भी बरामद कर लिया गया है. हालांकि निक्कू सिंह और बाबा नाम के दो अपराधी अभी भी फरार चल रहे थे. इनमें निक्कू सिंह के घर पर पिछले दिनों इश्तेहार भी चिपकाया गया था.

10 मार्च, 2025 को शीशमहल चौक पर हुई थी घटना :

बता दें कि शहर के सबसे व्यस्त नगर थाना क्षेत्र के शीशमहल चौक के पास स्थित तनिष्क ज्वेलरी शोरूम में 10 मार्च, 2025 की सुबह करीब साढ़े दस बजे धावा बोला अपराधियों द्वारा करीब दस करोड़ के गहनों की लूट की गयी थी. शोरूम के गार्ड की लाइसेंसी राइफल भी छीन ली गयी थी. हालांकि कुछ घंटों के अंदर ही बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा छोटी पुल के समीप पुलिस के साथ पुलिस एनकाउंटर के दौरान सारण के दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया था. गोली लगने से जख्मी अपराधियों के पास से लूटे गये दो झोला गहनों की बरामदगी भी की गयी थी. गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर गार्ड से छीनी गयी राइफल भी बरामद कर ली गयी थी. गिरफ्तार अपराधियों द्वारा पूछताछ में पश्चिम बंगाल के जेल में बंद वैशाली के चंदन कुमार उर्फ प्रिंस के इशारे पर लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की गयी थी.

विज्ञापन
DEVENDRA DUBEY

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

DEVENDRA DUBEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन