आरा : तीसरे दिन भी नहीं टूटा सहायक प्राध्यापक अभ्यर्थियों का अनशन, सरकार को आर-पार की चेतावनी
शिक्षकों की सांकेतिक तस्वीर
Bihar Assistant Professor Recruitment : पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर सहायक प्राध्यापक बहाली की नई नियमावली के विरोध में अभ्यर्थियों का आमरण अनशन जारी है. प्रदर्शनकारी सरकार से अपनी मांगों पर ठोस निर्णय लेने की अपील कर रहे हैं. आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी गई है.
Bihar Assistant Professor Recruitment : सहायक प्राध्यापक बहाली की नई नियमावली के विरोध में पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर अभ्यर्थियों का आमरण अनशन तीसरे दिन भी जारी रहा. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले रही है. उनका यह भी कहना है कि लगातार अनशन के कारण कुछ अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने लगी है.
आंदोलनकारियों ने सरकार पर लगाया अनदेखी का आरोप
आंदोलन के संयोजक कुमुद पटेल के साथ अभिषेक मेहता और बिक्कु सिंह प्रधान लगातार आमरण अनशन पर बैठे हैं. उनका कहना है कि यह आंदोलन केवल नियुक्ति का मुद्दा नहीं, बल्कि बिहार के हजारों पीएचडी धारकों, शोधार्थियों और उच्च शिक्षा के भविष्य से जुड़ा विषय है.
कई बार ज्ञापन देने के बाद शुरू किया अनशन
अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने अपनी मांगों को लेकर कई बार सरकार को ज्ञापन सौंपे, शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किए और वार्ता का प्रयास भी किया. उनका आरोप है कि इन प्रयासों के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया. इसी कारण उन्हें आमरण अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा.
आरा की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
इन मांगों को लेकर कर रहे हैं प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगों में यूजीसी रेगुलेशन के अनुरूप बहाली प्रक्रिया लागू करना, अधिकतम आयु सीमा 55 वर्ष निर्धारित करना, पीएचडी को अनिवार्य योग्यता बनाना, सभी विषयों में नियमित बहाली, डोमिसाइल नीति लागू करना और विश्वविद्यालयों तथा महाविद्यालयों की स्वायत्तता सुनिश्चित करना शामिल है.
आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि सरकार जल्द वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आंदोलन को पूरे बिहार में और व्यापक बनाया जाएगा. उनका कहना है कि जब तक मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रहे मौजूद
धरना स्थल पर राधेश्याम, राजा पासवान, चंदन तिवारी, माधवी, डॉ. रितु, देव आर्या, रत्नेश कुमार, विकास कुमार, आकाश कुमार, चंदन सिंह, राहुल कुमार झा, देवेंद्र यादव, रवि प्रकाश सूरज, नितेश पटेल समेत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे और आंदोलन को समर्थन दिया.
Also Read : VKSU में पीजी एडमिशन का आवेदन फिर बढ़ा, अब 9 अगस्त तक करें अप्लाई, आखिरी मौका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










