आरा : भागड़ नदी में डूबने से नौवीं की छात्रा की मौत, गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन
भागड़ नदी में डूबने से नौवीं की छात्रा की  मौत

सांकेतिक तस्वीर

Arrah News : बड़हरा के एकौना गांव में भागड़ नदी में स्नान करने गई 14 वर्षीय छात्रा की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.

विज्ञापन

Arrah News : आरा के बड़हरा थाना क्षेत्र के एकौना गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्रा की भागड़ नदी में डूबने से मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जानकारी के अनुसार, एकौना गांव निवासी अखिलेश कुमार सिंह की 14 वर्षीय पुत्री अनन्या कुमारी गांव के सरकारी विद्यालय कुईयां में नौवीं कक्षा की छात्रा थी. बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह करीब सात बजे वह अपने घर से गांव के मठिया के उत्तर स्थित भागड़ नदी में स्नान करने गई थी. उस समय नदी में गांव की अन्य महिलाएं और लड़कियां भी स्नान कर रही थीं.

गहरे पानी में जाने से हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान अनन्या अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी. यह देख वहां मौजूद महिलाओं ने शोर मचाया. शोर सुनकर ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने छात्रा को नदी से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया. पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है.

पीड़ित परिवार में मचा कोहराम

घटना की खबर मिलते ही मृतका के घर में कोहराम मच गया. माता रूबी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया. मृतका अपने पीछे पिता, माता, एक भाई आदित्य कुमार (16 वर्ष) तथा छोटी बहन आराध्या कुमारी (करीब 12 वर्ष) को छोड़ गई है. मृतका के पिता अखिलेश कुमार सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में गांव में ही रहकर परिवार के साथ जीवन-यापन कर रहे हैं. इस हृदयविदारक घटना से पूरे एकौना गांव में मातम पसरा हुआ है.

Also Read : बक्सर में परिवार ने बेटे के जन्मदिन पर लगाया पौधा, पर्यावरण सुरक्षा का लिया संकल्प



विज्ञापन
संतोष कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन