आरा : मवेशी चोरी के आरोप में युवक की पीट-पीटकर हत्या, एक नामजद समेत कई अज्ञात पर FIR

Author Md. Wasim|Edited by Kumarsuryakant
Updated:
विज्ञापन
मवेशी चोरी का आरोप लगाकर रोहतास निवासी युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या

मृतक का फाइल फोटो | Prabhat Khabar Network

Arrah News : आरा जिले के पश्चिमी इंग्लिशपुर गांव में मवेशी चोरी के आरोप में एक युवक की ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने इस मामले में एक नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

विज्ञापन

Arrah News : आरा जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी इंग्लिशपुर गांव में मंगलवार की देर रात कथित मवेशी चोरी के आरोप में रोहतास निवासी एक युवक की ग्रामीणों द्वारा दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. इलाज के लिए सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई. जानकारी के अनुसार मृतक रोहतास जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र के सोहगी गांव निवासी स्व. हीरालाल पांडेय का 23 वर्षीय पुत्र अखिलेश कुमार है. वह महाराष्ट्र के पुणे में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करता था.

ग्रामीणों ने दौड़ाकर बुरी तरह पीटा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की देर रात पश्चिमी इंग्लिशपुर गांव में ग्रामीणों ने अखिलेश कुमार को मवेशी चोरी का आरोप लगाकर दौड़ा दिया. इसके बाद लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया. इसकी सूचना स्थानीय थाना को मिली. सूचना पाकर स्थानीय थाना वहां पहुंची और उसे इलाज के लिए पीरो पीएचसी से सदर अस्पताल ले आई, जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया.

10 दिन पहले लौटा था घर

इधर, मृतक के बड़े भाई राकेश कुमार ने बताया कि वह दस दिन पूर्व पुणे से वापस गांव लौटा था. वे अपनी पत्नी के साथ पटना गए हुए थे. उन्होंने बताया कि वह मंगलवार को घर से कब निकला, यह उन्हें नहीं मालूम है. बुधवार की सुबह उन्हें इमादपुर थाना पुलिस द्वारा सूचना मिली कि आपके भाई की मौत हो गई है और उसका शव सदर अस्पताल में है. सूचना पाकर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. इसके पश्चात पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया.

एक नामजद व अज्ञात पर प्राथमिकी

इस संबंध में मृतक के बड़े भाई राकेश कुमार के बयान पर इमादपुर थाना क्षेत्र के पश्चिमी इंग्लिशपुर गांव निवासी जय विष्णु सिंह के पुत्र चंद्रमणि सिंह पर नामजद एवं 15-20 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. वहीं, इस संबंध में इमादपुर थानाध्यक्ष सुनीत कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात करीब बारह बजे के बाद पुलिस को सूचना मिली कि पश्चिमी इंग्लिशपुर गांव में तीन चोर गांव के ही चंद्रमणि सिंह की भैंस चुराकर भाग रहे थे, जिसमें दो भाग निकले, जबकि एक को पकड़ा गया है.

मृतक के घर में मचा कोहराम

पकड़े गए चोर को ग्रामीणों द्वारा मारपीट कर जख्मी कर दिया गया था. पुलिस उसे इलाज के लिए पीरो पीएचसी से सदर अस्पताल ले आई, जहां उसकी मौत हो गई. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है. बताया जाता है कि मृतक अपने तीन बहन व दो भाइयों में छोटा था. उसके परिवार में तीन बहनें पूजा, रिंकी, विनीता एवं एक भाई राकेश कुमार हैं. उसकी मां प्रभा देवी की मौत करीब छह वर्ष पूर्व बीमारी के कारण हो गई थी. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है.

Also Read :आरा : पांच महीने बाद बना बिहिया लाइन नहर पुल, तरारी के लोगों को मिली बड़ी राहत



विज्ञापन
Md. Wasim

लेखक के बारे में

By Md. Wasim

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन