आरा में राजस्व कर्मचारी पर हमला, कार्यालय में घुसकर पीटा, हथियार दिखाकर दी धमकी
CCTV में कैद घटना की तस्वीर
Arrah Crime News: आरा के सदर अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी से मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि हमलावरों ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज और धमकी दी. घटना में हथियार लहराने और जबरन बाहर ले जाने की कोशिश भी की गई. मामले में पुलिस ने 3 नामजद समेत 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
Arrah Crime News: (मिथिलेश कुमार) भोजपुर जिले के आरा शहर में शुक्रवार की शाम एक गंभीर घटना सामने आई. राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक विष्णु देव सिंह के साथ कुछ युवकों ने कार्यालय में घुसकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की. इतना ही नहीं, उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामला नवादा थाना क्षेत्र के कृषि भवन परिसर में संचालित सदर अंचल कार्यालय की है.
फोन कॉल के बाद पहुंचे आरोपित, चेहरा ढंककर किया हमला
पीड़ित विष्णु देव सिंह ने दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वे मौलाबाग में अतिक्रमण हटाने के कार्य से लौटकर शाम करीब 6:30 बजे कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान अर्पित कुमार नामक व्यक्ति का फोन आया, जिसमें उसने अपने और अपने साथियों के काम को लेकर दबाव बनाया. कर्मचारी द्वारा सभी का काम नियमानुसार करने की बात कहने के कुछ देर बाद करीब 7 बजे आरोपित चेहरे पर गमछा बांधकर कार्यालय में आ धमके.
हथियार के बल पर बाहर ले जाकर जान मारने की कोशिश
आरोप है कि सभी आरोपितों के पास हथियार थे और वे कर्मचारी को जबरन खींचकर बाहर ले जाने लगे. इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट भी की गई. स्थिति बिगड़ते देख विष्णु देव सिंह अपनी जान बचाने के लिए सीओ चैंबर की ओर भागे, लेकिन आरोपित वहां भी पहुंच गए. कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मियों-वरीय लिपिक सचिन कुमार सिंह और ऑपरेटर अमित-की मदद से किसी तरह उनकी जान बचाई जा सकी.
सीसीटीवी में कैद घटना, वीडियो वायरल
जानकारी के अनुस्सर, पूरी घटना कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है. घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.
तीन नामजद समेत आठ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
पीड़ित कर्मचारी के आवेदन के आधार पर नवादा थाना में अर्पित सिंह, सुबोध कुमार, मोहम्मद अजहर समेत तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. सभी पर मारपीट, धमकी और हथियार लहराने का आरोप लगाया गया है.

पुलिस जांच में जुटी, कार्रवाई की तैयारी
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. साथ ही साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए