जवाहर नवोदय विद्यालय बिहिया में 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने निभायी सांसदों की भूमिका
नवोदय विद्यालय बिहिया में 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने मंत्रियों और सांसदों की भूमिका निभाई. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में संसदीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की समझ विकसित करना था. पूर्व विधायक राम विशुन सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की.
आरा. पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बिहिया, भोजपुर में 28वीं युवा संसद प्रतियोगिता 2026-27 का गरिमापूर्ण एवं जीवंत आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में संसदीय लोकतंत्र, संवैधानिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता, तर्कपूर्ण अभिव्यक्ति तथा समसामयिक विषयों की समझ विकसित करना रहा.
पूर्व विधायक राम विशुन सिंह ने की विद्यार्थियों की सराहना
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जगदीशपुर के पूर्व विधायक राम विशुन सिंह ''लोहिया जी'' उपस्थित रहे. उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत संसदीय कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में अनुशासन, संवाद-कौशल और लोकतांत्रिक चेतना को मजबूत करती हैं.
विद्यार्थियों ने संभाली मंत्रियों और सदन के पदों की भूमिका
युवा संसद में अनामिका ने प्रधानमंत्री, आकृति कुमारी ने गृह मंत्री, श्रद्धा कुमारी ने वित्त मंत्री और सुनिधि कुमारी ने रक्षा मंत्री की भूमिका निभायी. अंश सर्राफ ने लोकसभा अध्यक्ष, शिवानी कुमारी ने उपाध्यक्ष तथा यश राज ने मार्शल की भूमिका संभाली. अरुण कुमार सेक्रेटरी जनरल के रूप में सक्रिय रहे.
विपक्ष और प्रेस रिपोर्टरों ने भी निभायी भूमिका
विपक्ष की ओर से रचना कुमारी, मोहिनी कुमारी, उत्कर्ष कुमार सहित 14 विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भागीदारी की. विदेशी प्रतिनिधिमंडल के रूप में किन्नरी बर्मन व अन्य विद्यार्थियों ने भूमिका निभायी. वहीं, प्रेस रिपोर्टर के रूप में कृष खान, मुहम्मद जीशान एवं सौम्या गुप्ता ने युवा संसद की कार्यवाही को कवर किया.
शिक्षकों के मार्गदर्शन में हुआ आयोजन
कार्यक्रम का संयोजन पीजीटी इतिहास तस्नीम अली के नेतृत्व में किया गया. टीम सदस्य मनोज कुमार और दीपा कुमारी ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन दिया. युवा संसद के माध्यम से विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं और तर्कपूर्ण संवाद का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए