दहेज में सड़क किनारे की दो कट्ठा जमीन नहीं मिलने पर कर दी पत्नी की हत्या

Published by : PRAPHULL BHARTI Updated At : 17 Feb 2026 8:20 PM

विज्ञापन

रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खरहट पंचायत के गीतवास गांव वार्ड संख्या नौ का मामला

विज्ञापन

परवाहा. रानीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत खरहट पंचायत के गीतवास गांव वार्ड संख्या नौ में एक महिला की उसके पति ने हत्या कर दी. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व गहन छानबीन में जुट गयी. इधर मृतका के मायके वालों के आरोपों के आधार पर पति सुरेंद्र मंडल को रानीगंज पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंच कर सैंपल एकत्रित कर अपने साथ ले गयी. मृतका सिमराहा थाना क्षेत्र के कुसहा वार्ड संख्या 03 निवासी कुलानंद मंडल की पुत्री 21 वर्षीय अंजन कुमारी है. थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है.

रात में दामाद ने फोन कर दी अंजन की तबीयत खराब होने की जानकारी

वहीं मृतका के पिता कुलानंद मंडल ने बताया कि सोमवार की रात सुरेंद्र मंडल ने फोन कर अंजन कुमारी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी. और उसे अररिया अस्पताल ले जाने की बात कही. वे रात में ही सदर अस्पताल अररिया पहुंचे, तो वहां अंजन कुमारी व उसके ससुराल वालों का कोई पता नहीं चला. मोबाइल पर दोबारा संपर्क करने पर सुरेंद्र ने बताया कि चिकित्सक ने अंजन कुमारी को जवाब दे दिया, वे उसे वापस गीतवास ले आये हैं. परिजन जब गीतवास पहुंचे, तो देखा कि अंजन कुमारी का शव पलंग पर रखा हुआ था. घर के सभी लोग फरार थे. इसके बाद कुलानंद मंडल ने रानीगंज थाना में आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी. इसमें दामाद, समधी समेत 05 लोगों को नामजद किया है.

मारपीट के बाद गला दबा कर की गयी है हत्या

आवेदन में बताया है कि करीब 08 माह पूर्व अपनी बेटी की शादी सुरेंद्र मंडल से की थी. शादी में उपहार स्वरूप तीन लाख रुपये, एक बाइक, सोने का अंगूठी, फर्नीचर का सामान आदि दिया था. शादी के दो माह बाद अंजन को दामाद व दामाद का छोटा भाई रूपेश कुमार आदि बराबर यह कहकर प्रताड़ित करने लगा कि तुम अपने पिता को बोलो कि मुझे सड़क किनारे की 02 कट्ठा जमीन रजिस्ट्री कर दें. तभी तुमको रखेंगे. इस बात का विरोध करने पर मेरी बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा. अंजन तीन माह की गर्भवती थी. इसके बावजूद सभी लोगों ने मिलकर मारपीट करने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.

बोले थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मृतका अंजन के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पति को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. इसके साथ ही अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है. जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

विज्ञापन
PRAPHULL BHARTI

लेखक के बारे में

By PRAPHULL BHARTI

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन