अनुमंडलीय अस्पताल में शुरू हुई फिजियोथेरेपी सेवा
फिजियोथेरेपी सेवा शुरू होने के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इसका लाभ लेने पहुंच रहे हैं.
फारबिसगंज. अनुमंडलीय अस्पताल फारबिसगंज में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को उपलब्ध संसाधनों के बीच बेहतर व गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अस्पताल प्रबंधन लगातार नये प्रयास कर रहा है. इसी क्रम में अस्पताल में फिजियोथेरेपी सेवा की शुरुआत की गई है, जिसका लाभ मरीजों को मिलने लगा है. सेवा शुरू होने से यहां इलाज कराने के लिए आने वाले मरीजों व उनके परिजनों में खुशी का माहौल है. अस्पताल के ओपीडी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की चिकित्सकों द्वारा जांच के बाद आवश्यकता अनुसार उन्हें अस्पताल की दूसरी मंजिल पर संचालित फिजियोथेरेपी सेंटर में भेजा जाता है जहां फिजियोथेरेपिस्ट डॉ रतन शंकर कुमार व स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों को फिजियोथेरेपी उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है. फिजियोथेरेपी सेवा शुरू होने से फारबिसगंज अनुमंडल क्षेत्र के शहरी सहित ग्रामीण क्षेत्रों के उन मरीजों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें चिकित्सकों द्वारा फिजियोथेरेपी कराने की सलाह दी जाती है. अब उन्हें उपचार के लिए निजी केंद्रों या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ रहा है. इससे उनके समय और धन की बचत होने के साथ-साथ मानसिक परेशानी से भी राहत मिल रही है. अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार व अस्पताल प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि फिजियोथेरेपी सेवा शुरू होने के बाद प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इसका लाभ लेने पहुंच रहे हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है. अनुमंडलीय अस्पताल में फिजियोथेरेपी सेवा शुरू होने पर स्थानीय प्रबुद्धजनों ने स्वास्थ्य विभाग व अस्पताल प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए इसे इस क्षेत्र के मरीजों के लिए लाभकारी कदम बताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










