भारत-नेपाल सीमा पर 24 लीटर नेपाली शराब बरामद, तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार
फोटो:- बरामद बाइक व शराब के साथ एसएसबी व आबकारी विभाग की पुलिस | Prabhat Khabar Network
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी और आबकारी विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 लीटर नेपाली शराब और दो बाइक जब्त की है। तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
अररिया. भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 52वीं वाहिनी एसएसबी, अररिया को सफलता मिली है. बाह्य सीमा चौकी सोनापुर-आमबाड़ी के जवानों ने आबकारी विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 80 बोतल नेपाली शराब बरामद की. तस्करी में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त की गयी हैं. हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार हो गये.
आपके शहर में
सीमा स्तंभ 158 के पास चलाया गया तलाशी अभियान
कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट चिराग ने बताया कि सीमा स्तंभ 158 के समीप भारतीय क्षेत्र में जवानों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं. इसके बाद एसएसबी और आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चलाया. तलाशी के दौरान मौके से रेशम लीची ब्रांड की 80 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई.
300 एमएल की 80 बोतलों में मिली शराब
बरामद सभी बोतलों में 300-300 मिलीलीटर शराब थी. इस तरह कुल 24 लीटर नेपाली शराब बरामद की गयी. शराब की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो बाइक को भी जवानों ने जब्त कर लिया. कार्रवाई के दौरान तस्करों को पकड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन वे अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
आबकारी विभाग को सौंपा गया बरामद सामान
एसएसबी अधिकारियों के अनुसार बरामद नेपाली शराब और दोनों बाइक को कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, अररिया को सौंप दिया गया है. मामले में फरार तस्करों की पहचान और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाने की कार्रवाई की जा रही है.
संयुक्त अभियान में एसएसबी और आबकारी टीम रही शामिल
अभियान में एसएसबी के उप निरीक्षक सतेंद्र, एएसआई आनंद प्रसाद सेमवाल, मुख्य आरक्षी राजू सिंह तथा आबकारी विभाग के एसआई पप्पू कुमार, लव कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे. सीमा क्षेत्र में शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए सुरक्षा बलों और संबंधित विभाग की ओर से अभियान जारी रखने की बात कही गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए