यात्रियों का शेड बना ‘चारा घर’, अतिक्रमण से धूप-बारिश में भटक रहे राहगीर
यात्री शेड बना गोदाम
पूर्णिया के बीरनगर पूरब में यात्रियों के लिए बना यात्री शेड इन दिनों अतिक्रमण का शिकार है. मकई और पशुओं के चारे के लिए इस्तेमाल हो रहे इस शेड से राहगीर धूप और बारिश में परेशान हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से इसे खाली कराने की मांग की है.
अररिया : प्रखंड क्षेत्र की जनता पंचायत के बीरनगर पूरब स्थित मंगलवार चरैया में यात्रियों की सुविधा के लिए पंचायत निधि से निर्मित यात्री शेड इन दिनों अपने मूल उद्देश्य से भटक गया है. धूप और बारिश से राहगीरों को राहत देने के लिए बनाए गए इस शेड पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर मकई और पशुओं का चारा रखा जा रहा है, जिससे यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है.
आपके शहर में
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में भी यात्री शेड के भीतर बैठने की जगह नहीं बची है. मजबूरन लोगों को खुले आसमान के नीचे खड़े होकर बस और अन्य वाहनों का इंतजार करना पड़ता है. ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक संपत्ति का निजी उपयोग किया जा रहा है, जिससे आम लोगों की सुविधा प्रभावित हो रही है.
ग्रामीण भीम, अभिनव झा, राघव झा, संदीप मिश्रा, मुस्कान, प्रवीण पाठक और रूपक मिश्रा सहित अन्य लोगों ने भरगामा प्रशासन से अविलंब यात्री शेड को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी संपत्ति जनहित के लिए बनाई जाती है, न कि निजी गोदाम या चारा रखने के लिए.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आम लोगों की परेशानी और बढ़ेगी. उन्होंने प्रशासन से यात्री शेड को तत्काल खाली कराकर यात्रियों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें :पूर्णिया में आज गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार, आंधी और बारिश का डबल अलर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए